किफायती एयरलाइन स्पाइसजेट की अपने घरेलू बेड़े में 90 सीट वाले पांच और बॉम्बार्डियर विमानों को शामिल करने की योजना है। इससे उसके घरेलू बेड़े में शामिल विमानों की संख्या 32 हो जाएगी।
कंपनी ने घरेलू मार्गों पर अपनी क्षमता बढ़ाने के लक्ष्य के साथ यह कदम उठाया है। स्पाइसजेट ने इस चीज को देखते हुए यह कदम उठाया है कि जेट एयरवेज भारी संकट में है और उसके विमानों की संख्या कम हो जाने के कारण मांग और आपूर्ति में अंतर पैदा हो गया है।
एयरलाइन के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक अजय सिंह ने बताया कि, 'क्षमता बढ़ाने और यात्रियों की असुविधा को कम करने के प्रयासों के तहत स्पाइसजेट पांच और क्यू 400 एस विमानों को अपने बेड़े में शामिल करेगा। यह पिछले सप्ताह घोषित 16 बी 737 एस से इतर है।'
बता दें कि जेट एयरवेज ने अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को 19 अप्रैल तक रद्द कर दिया है। फिलहाल कंपनी के केवल सात विमान ही परिचालन में हैं। दुबे ने कहा कि बैंकों के साथ हुई बातचीत को बोर्ड के समक्ष मंगलवार को रखा जाएगा। कंपनी ने सार्क और आसियान देशों के अलावा टोरंटो और पेरिस की उड़ानों को भी अगले आदेश तक के लिए रद्द किया है।
कंपनी के प्रवक्ता गौरव साहनी ने बताया कि लीजधारकों को बकाया भुगतान नहीं देने के कारण एयरलाइन सिर्फ सात विमानों का ही संचालन कर पा रही है। ये सभी उड़ानें घरेलू रूट पर ही जारी हैं। नकदी की समस्या गहराने से अन्य उड़ानों पर गंभीर असर पड़ा है।