चालू वित्त वर्ष के जून महीने में जीवन बीमा कंपनियों की नई प्रीमियम आय 94 फीसदी बढ़कर 32,241.33 करोड़ रुपये रही। बीमा नियामक इरडा के आंकड़ों के अनुसार, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की प्रीमियम से सबसे ज्यादा आय हुई है। इससे पहले, सभी 24 जीवन बीमा कंपनियों को जून, 2018 में नयी पॉलिसी से 16,611.57 करोड़ रुपये का प्रीमियम मिला था।
देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी की इतनी रही आय
देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी एलआईसी की जून में नई पॉलिसी से प्रीमियम आय दोगुना से ज्यादा बढ़कर 26,030.16 करोड़ रुपये रही। जून 2018 में यह आंकड़ा 11,167.82 करोड़ रुपये पर था। इसके साथ ही भारतीय जीवन बीमा निगम की बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 74 फीसदी पर पहुंच गई। शेष 26 फीसदी हिस्सेदारी निजी बीमा कंपनियों के हिस्से में रही।
एक महीने में बेची 13.32 लाख पॉलिसी
एलआईसी ने जून माह के दौरान 13.32 लाख पॉलिसी बेची और एक महीने में ही 25,000 करोड़ रुपये से अधिक का प्रीमियम जुटाया। इस दौरान, 23 निजी क्षेत्र की बीमा कंपनियों की नई प्रीमियम से आय 14.10 फीसदी की वृद्धि के साथ 6,211.17 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले की इसी अवधि में 5,443.75 करोड़ रुपये थी।
निजी क्षेत्र की कंपनियों की इतनी रही आय
- निजी क्षेत्र की कंपनियों में एचडीएफसी लाइफ का नया प्रीमियम 21 फीसदी बढ़कर 1,358.45 करोड़ रुपये रहा।
- एसबीआई लाइफ का प्रीमियम 28.14 फीसदी बढ़कर 1,310.07 करोड़ रुपये रहा।
- आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ का प्रीमियम 26 फीसदी बढ़कर 897.98 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
चालू वित्त वर्ष की बात करें तो अप्रैल-जून अवधि के दौरान 24 जीवन बीमा कंपनियों का नया प्रीमियम कुल मिलाकर 65 फीसदी बढ़कर 60,637.22 करोड़ रुपये हो गया। अप्रैल-जून 2019-20 में एलआईसी की नई प्रीमियम आय 82 फीसदी बढ़कर 44,794.78 करोड़ रुपये रही।