सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी इंफोसिस ने कोविड- 19 महामारी और लॉकडाउन के कारण अमेरिका में फंसे अपने 200 से अधिक कर्मचारियां और उनके परिवारों को चार्टर्ड विमान से भारत वापस लाने की व्यवस्था की। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
सोमवार प्रात: बंगलूरू पहुंची उड़ान
कंपनी इन लोगों को अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को से एक विशेष उड़न के जरिये वापस लाने की व्यवस्था की और यह उड़ान सोमवार प्रात: बंगलूरू पहुंच गई। इस संदर्भ में इंफोसिस के सहायक उपाध्यक्ष - खुदरा कारोबार, सीपीजी और लाजिस्टिक्स समीर गोसवी ने लिंकडिन पोस्ट में कहा है कि, 'इंफोसिस के विशेष विमान ने सैन फ्रांसिस्को से कंपनी के सैकड़ों कर्मचारियों और उनके परिवारों को लेकर बंगलूरू लाने के लिये कल राहत उड़ान भरी।'
अमेरिका में फंस गये थे लोग
हालांकि, इंफोसिस ने इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं की। लेकिन सूत्रों ने बताया कि इंफोसिस के कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों सहित 206 लोगों को वापस लाया गया है। एक व्यक्ति ने बताया कि कोरोना वायरस फैलने और फिर लॉकडाउन लागू होने पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानें स्थगित कर दिये जाने के कारण ये लोग अमेरिका में फंस गये थे।
वापस लाये गये लोगों में कुछ कंपनी के ग्राहकों के दफ्तर में काम करने वाले कर्मचारी तथा कुछ अन्य वहां बैठकों अथवा कार्यक्रमों के लिये गये थे। अमेरिका भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी उद्योग के लिये सबसे बड़ा कार्यक्षेत्र है। इंफोसिस के चौथी तिमाही कारोबार में उत्तरी अमेरिका के कारोबार का 60 प्रतिशत से अधिक हिस्सा रहा।