निजी एयरलाइंस इंडिगो के सर्वर में सोमवार सुबह 4.30 बजे आई खराबी के चलते देशभर के एयरपोर्ट पर एयरलाइंस की फ्लाइट से सफर करने को पहुंचे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। एयरलाइंस का पूरा नेटवर्क करीब एक घंटे तक खराब रहा। इसके चलते चेक इन काउंटरों पर यात्रियों को बोर्डिंग पास जारी नहीं हो पाए और एयरपोर्ट पर लंबी लाइन लग गई।
दोपहर को कंपनी ने सिस्टम के ठीक होने का ऐलान कर दिया। हालांकि, यात्रियों से कहा गया कि स्थितियों के सामान्य होने में समय लगेगा, इसलिए वे अपनी फ्लाइट की जानकारी लेते रहें। ऑनलाइन टिकट बुक नहीं होने के बावजूद इंडिगो स्टाफ ने मैन्युअल बुकिंग जारी रखी। इससे इंडिगो के चेक-इन काउंटर पर यात्रियों की लंबी लाइनें लग गईं
देश के घरेलू हवाई यात्री मार्केट में इंडिगो की हिस्सेदारी करीब 48.2 फीसदी है। एयरलाइंस ने दोपहर करीब 2 बजे जारी किए गए एक बयान में कहा कि सुबह हमारे सिस्टम में करीब एक घंटे तक आई खराबी के चलते यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हम खेद प्रकट करते हैं।हाल ही में इंडिगो के ए320 नियो इंजन में भी खराबी देखने को मिली था, जिसकी वजह से विमान नियामक डीजीसीए ने विमान को खड़ा करने का आदेश जारी कर दिया था। एक हफ्ते में यह चौथा ऐसा मामला था, जब कंपनी के विमानों के इंजन ने हवा में जाकर काम करना बंद कर दिया था।
विमान की खराबी सही होने तक उसे खड़ा रहने का आदेश जारी किया गया है। 24 से लेकर के 26 अक्तूबर के बीच तीन विमानों में यह शिकायत आई है।
अक्तूबर अंत में डीजीसीए ने गो एयर और इंडिगो को आदेश देते हुए कहा था कि वो अगले 15 दिनों के अंदर सभी ए320 नियो विमानों में से पीएंडडब्ल्यू इंजन को हटा दे। 48 फीसदी शेयर के साथ इंडिगो भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी है।