एयरलाइन कंपनी गो एयर के प्रवक्ता ने बताया कि उत्तर भारत में खराब मौसम का असर उड़ानों पर पड़ रहा है। इसके साथ ही नागरिकता संशोधन कानून ( सीएए ) के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों की वजह से भी उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। इन दिक्कतों की वजह से कई उड़ानें रद्द हुई।
बुधवार को लगातार तीसरे दिन कंपनी को उड़ानें रद्द करनी पड़ी। वहीं मंगलवार को विमानन कंपनी ने कुल 19 उड़ानें रद्द की थीं। इससे हजारों यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सोमवार को भी कंपनी द्वारा उड़ानें रद्द की गई थी। इनमें दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू, अहमदाबाद, कोच्चि, पटना और लखनऊ की उड़ानें शामिल हैं।
इसलिए रद्द की गई उड़ानें
इससे पहले एक सूत्र ने बताया था कि एयरलाइन के ए320 नियो विमानों के इंजिन में गड़बड़ी समेत अन्य दिक्कतों के चलते कई विमानों का परिचालन नहीं हो पा रहा है। इससे विमानों की कमी हो रही है। विमानों और कॉकपिट कर्मियों की कमी के अलावा देश भर में नागरिकता कानून (सीएए) के विरोध प्रदर्शन के चलते बजट एयरलाइन कंपनी गो एयर ने उड़ानें रद्द की हैं। इसके अतिरिक्त खराब मौसम के चलते भी उड़ानें रद्द की गई।
सोमवार को रद्द की थी 21 उड़ानें
इससे पहले सोमवार को कंपनी ने अपनी 21 उड़ानें रद्द की थीं। इस संदर्भ में सूत्रों ने कहा कि, 'गो एयर ने मंगलवार के लिए 19 उड़ानें रद्द की हैं क्योंकि उसके पास पर्याप्त संख्या में विमान और पायलट उपलब्ध नहीं हैं।'
बता दें कि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मिलाकर गो एयर प्रति दिन औसतन 200 से ज्यादा उड़ानों का परिचालन करती है। कंपनी के बेड़े में 57 विमान हैं।
उड़ान रद्द होने से यात्री परेशान
पहले एक यात्री ने ट्वीट किया था कि, 'गो एयर ने मुझे तड़के एक बजकर 43 मिनट पर संदेश भेजा कि चार बजकर 55 मिनट की निर्धारित मेरी उड़ान रद्द कर दी गई है। इसमें उन्होंने कहा कि मुझे 24 घंटे के भीतर संपर्क करेंगे। तो तब तक मुझे क्या करना चाहिए? हेल्पलाइन पर भी कोई जवाब नहीं मिल रहा।'