इंडिगो के सीईओ रोनजॉय दत्ता ने बृहस्पतिवार को एलान किया कि उनके सहित शीर्ष कर्मचारियों के वेतन में पांच से 25 फीसदी तक कटौती की जाएगी। उन्होंने कहा, संकट में फंसे क्षेत्र को उबारने के लिए एक अप्रैल 2020 से बैंड ए और बैंड बी वाले कर्मचारियों के वेतन में कटौती की जाएगी। मैंने खुद अपने वेतन में 25 फीसदी कटौती करने को मंजूरी दी है। कॉकपिट क्रू के वेतन में 15 फीसदी, बैंड डी (केबिन क्रू) में 10 फीसदी और बैंड सी वाले के वेतन में पांच फीसदी कटौती की जाएगी।
कोरोना संकट के बीच वैश्विक मंदी के बढ़ते खौफ का असर शेयर बाजार पर लगातार चौथे दिन दिखा और निवेशकों की बिकवाली से सेंसेक्स 581 अंक व निफ्टी 205 अंक टूटे। बैंकिंग, मेटल और ऊर्जा सहित बीएसई के सभी स्टॉक में गिरावट का दिखी जिससे कारोबार के दौरान सेंसेक्स में 2,656 अंकों की बड़ी गिरावट आई। हालांकि, दोपहर बाद थोड़ा सुधार आया और आखिर में 581.28 अंक टूटकर 28,288.23 पर बंद हुआ। इसी तरह, निफ्टी भी 205.35 अंकों की गिरावट से 8,263.45 के स्तर पर आ गया। कारोबार के दौरान यह 7,900 के स्तर से नीचे चला गया था।
बड़ी गिरावट के कारण निफ्टी 38 महीने के निचले स्तर पर बंद हुआ है। इतना ही नहीं मेटल इंडेक्स 11 साल के निचले स्तर पर तो ऑटो इंडेक्स 6 साल के निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। बजाज फाइनेंस में 10.25 फीसदी, मारुति में 9.85 फीसदी और एक्सिस बैंक में 9.50 फीसदी की गिरावट आई है।
निवेशकों के 3.76 लाख करोड़ डूबे
बाजार में गिरावट से बृहस्पतिवार को निवेशकों के करीब पौने चार लाख करोड़ रुपये डूब गए। बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण बुधवार के 113.53 लाख करोड़ रुपये से घटकर 109.76 लाख रुपये पर आ गया है।