देश की दिग्गज आईटी कंपनी विप्रो एक बार फिर से अपने शेयरों का बायबैक करने जा रही है। बाजार नियामक सेबी ने कंपनी को इसके लिए मंजूरी दे दी है। इस बायबैक से निवेशकों को 17 फीसदी फायदा होगा।
विप्रो का यह लगातार तीसरी बार बायबैक होगा। इससे पहले 2016 में 2500 हजार करोड़ और 2017 में 11 हजार करोड़ रुपये के शेयरों का बायबैक किया था। 22 अप्रैल 2016 को कंपनी ने चार करोड़ शेयर खरीदे थे, जिन्हें चार फीसदी के प्रीमियम पर 625 रुपये में कंपनी ने खरीदा था। इसके बाद कंपनी ने सितंबर 2017 में 34.4 करोड़ शेयर 19 फीसदी प्रीमियम पर 320 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से खरीदा था।
अजीम प्रेमजी द्वारा शुरू की गई इस कंपनी में विप्रो टेक्नोलॉजी ऑस्ट्रिया, विप्रो इंफोर्मेशन टेक्नोलॉजी ऑस्ट्रिया, न्यू लॉजिक टेक्नोलॉजी एसएआरएल और ऐपिरियो इंडिया क्लाउड सॉल्यूशन शामिल हैं। इससे पहले टीसीएस, कॉग्निजेंट, एचएसीएल टेक्नोलॉजिस और माइंडट्री ने शेयरों का बायबैक किया था। पिछले साल इंफोसिस ने अपने 36 साल के इतिहास में करीब दो अरब डॉलर का निवेश किया था।