एडीएजी ग्रुप की रिलायंस कैपिटल के चेयरमैन अनिल अंबानी ने मंगलवार को अपने बेटे अनमोल को कंपनी का नया डायरेक्टर नियुक्त किया। अनिल अंबानी ने इस अवसर पर अपने बेटे को 'भाग्यशाली' बताते हुए कहा कि जब से वो कंपनी से जुड़े हैं उसके स्टॉक में 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
ये 'अनमोल प्रभाव' है जो आगे भी जारी रहेगा। कंपनी के शेयर धारकों की सालाना आम बैठक में बोलते हुए अनिल ने कहा, 'अनमोल युवा वर्ग के अंग हैं और रिलायंस कैपिटल के भावी ग्राहकों, शेयरधारकों, कर्मचारियों और दूसरे जुड़े हुए लोगों को समझ सकेंगे।'
अनिल ने भारत की आधी आबादी के 30 साल से कम के होने का जिक्र करते हुए बताया कि रिलायंस कैपिटल में कर्मचारियों की औसत आयु 34 वर्ष है। गौरतलब है कि 24 वर्षीय अनमोल को रिलायंस कैपिटल का एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर बनाया गया है।
ब्रिटेन के बिजनेस स्कूल से पढ़ाई कर चुके अनमोल दो वर्षों के प्रशिक्षण के बाद करीब एक महीने पहले 23 अगस्त को
रिलायंस कैपिटल बोर्ड में एडिशनल डायरेक्टर के तौर पर जुड़े थे। पिता अनिल के बाद अनमोल परिवार के दूसरे सदस्य हैं जो रिलायंस कैपिटल के बोर्ड से जुड़े हैं।