Sachin Bansal and binny bansal
फ्लिपकार्ट के को-फाउंडर रहे सचिन बंसल ने कंपनी से विदाई के बाद 2018-19 की पहली तिमाही के लिए 699 करोड़ रुपये का एडवांस टैक्स चुकाया है। इस टैक्स में कैपिटल गेन टैक्स भी शामिल है। हालांकि उनके साथी बिन्नी बंसल ने फिलहाल कितना टैक्स जमा किया है, उसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।
नहीं मिली कुल कमाई की जानकारी
आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक फिलहाल बिन्नी और सचिन ने अमेरिकी कंपनी वॉलमार्ट को फ्लिपकार्ट को बेचने पर कितनी कमाई की है, इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। इसके साथ ही उन पर कितना कैपिटल गेन टैक्स बनता है और टैक्स चुकाने का फॉर्मूला क्या है।
हालांकि, आयकर विभाग ने सचिन और बिन्नी बंसल के साथ-साथ फ्लिपकार्ट की हिस्सेदारी बेचने वाले अन्य शेयरधारकों को नोटिस भेजकर शेयरों की बिक्री से प्राप्त धन का खुलासा करने को कहा। इसी तरह के नोटिस वॉलमार्ट को भी भेजे गए और उससे फ्लिपकार्ट के विदेशी शेयरधारकों के कैपिटल गेन पर विदहोल्डिंग टैक्स चुकाने को कहा गया।
वॉलमार्ट ने जमा कराए 7439 करोड़ रुपये
पिछले साल फ्लिपकार्ट में 77 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के बाद वॉलमार्ट ने आयकर विभाग के पास 7439 करोड़ रुपये जमा किए थे। नियमों के मुताबिक, 15 दिसंबर तक सचिन और बिन्नी बंसल को टैक्स का 75 फीसदी हिस्सा आयकर विभाग को देना होगा।
टैक्स की बची हुई रकम 19 मार्च 2019 तक जमा करानी होगी और अगर दोनों ने टैक्स जमा नहीं किया तो उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। कंपनी के 46 विदेशी शेयरधारकों का कितना टैक्स काटा गया है, इसके बारे में फ्लिपकार्ट ने जानकारी नहीं दी है।