इस बार होली में मोदी ही नहीं योगी पिचकारी भी जमकर धमाल मचाएगी। आगामी पर्व को देखते हुए बाजार में नई वैरायटी आनी शुरू हो गई है। इसमें मोदी, योगी, बाहूबली के अलावा लोगों का पसंदीदा मोबाइल गेम पबजी थीम पर भी कई सारे आइटम आ गए हैं।
10 मार्च को होली खेली जाएगी। ऐसे में हर बार की तरह बाजार होली के रंग में रंगने लगा है। ऑफलाइन से लेकर ऑनलाइन बाजार में नई वैरायटी आनी शुरू हो गई हैं। थोक बाजार लुहारगली में बच्चों को लुभाने के लिए रंग-पिचकारी से दुकानें पट चुकी हैं।
दिन बढ़ने के साथ यह संख्या और बढ़ सकती है। फिलहाल कई सारी नई वैरायटी हैं, जो आकर्षित कर रही है। इस समय मोदी-योगी, भूत बम, फॉग, लड़ी, सिंगल पाइप, गिफ्ट पैक टैंक, अनार बम, पबजी गेम से जुडे़ कई सारे आइटम हैं।
थोक विक्रेता अश्वनी गुप्ता का कहना है कि मौके को भुनाने के लिए हर साल नई वैरायटी दस्तक दे देती है। वहीं, कुछ दोहराई भी जाती है। जैसे इस समय पबजी गेम थीम पर कंपनियों ने अलग-अलग पिचकारी निकाली हुई है, तो पिछली मोदी पिचकारी की तरह योगी पिचकारी भी आई हुई है।