अमेरिका के अदाणी समूह पर आरोप लगाने के बाद एक नाम की चर्चा जोरों पर हो रही है। वह नाम गौतम अदाणी के भतीजे सागर अदाणी का। दुनिया के सबसे अमीर लोगों में से एक अदाणी और सात अन्य प्रतिवादियों के खिलाफ धोखाधड़ी के कई आरोप लगाए गए हैं। इसमें सागर भी शामिल हैं। अधिकारियों ने दावा किया कि गौतम अदाणी साहित इन सात लोगों ने इस प्रोजेक्ट को हासिल करने के लिए करीब 265 मिलियन डॉलर की रिश्वत दी थी। हालांकि अदाणी समूह ने इन आरोपों को खारिज किया है।
क्या है सागर पर आरोप?
अमेरिकी न्याय विभाग ने न्यूयॉर्क की अदालत में दावा किया कि दिग्गज कारोबारी गौतम अदाणी और अन्य साथियों ने अपने फायदे के लिए निवेशकों के साथ धोखाधड़ी करने के लिए साजिश रची। साथ ही, आरोपियों ने खरबों रुपये के अनुबंध हासिल करने के लिए भारतीय सरकारी अधिकारियों को रिश्वत देने के लिए षड्यंत्र रचा। हालांकि अभियोग में साफ कहा गया है कि ये आरोप हैं और जब तक दोष साबित नहीं हो जाता है, आरोपियों को निर्दोष माना जाएगा। अदालती रिकॉर्ड के अनुसार, साजिश में शामिल रहे कुछ लोग गौतम अदाणी को निजी तौर पर न्यूमैरो उनो यानी नंबर वन और द बिग मैन कोड नाम से बुलाते थे।