दक्षिण एशिया के लिए बाइडन प्रशासन के प्रमुख ने गुरुवार को कहा कि भारत जितना अधिक विकास करेगा, उतना ही भारत, अमेरिका और दुनिया के लिए बेहतर होगा। वैश्विक आर्थिक मंदी के बावजूद पिछले कई वर्षों से दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक, भारत, जो अब 3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था है, ने अब एक दशक में 10 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था और 2047 तक एक विकसित देश बनने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है।
डोनाल्ड लू बोले- हम भारतीय अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने के लक्ष्य का करते हैं समर्थन
दक्षिण व मध्य एशियाई मामलों के सहायक विदेश मंत्री डोनाल्ड लू ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में कहा, ''हम आपके आर्थिक चमत्कार का हिस्सा बनना चाहते हैं।" उन्होंने कहा, "हम समावेशी तरीके से अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने के भारत के लक्ष्य का मजबूती से समर्थन करते हैं। भारत जितना विकास करेगा, उतना ही भारत के लिए, अमेरिका के लिए और दुनिया के लिए बेहतर होगा। एक समृद्ध भारत के पास जलवायु परिवर्तन और भविष्य की महामारियों जैसी वैश्विक समस्याओं से निपटने में मदद करने के लिए अधिक संसाधन होंगे।"
दो लाख से अधिक भारतीय छात्रों की मेजबानी करने पर अमेरिका को गर्व
उन्होंने कहा कि अमेरिका को दो लाख से अधिक भारतीय छात्रों की मेजबानी करने पर गर्व है जो अमेरिकी विश्वविद्यालयों में पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, 'वास्तव में कुछ दिन पहले ही हमारे पास भारतीय वाणिज्य मंत्रालय के प्रारंभिक आंकड़े हैं जिससे संकेत मिलता है कि हमारे द्विपक्षीय व्यापार और वस्तुओं में अतिरिक्त सात प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि इससे दोनों अर्थव्यवस्थाओं को विस्तार करने में मदद मिलती है और यह स्पष्ट होता है कि और अधिक प्रगति की गुंजाइश है।
एक समृद्ध भारत अमेरिका के लिए भी बेहतर साबित होगा
उन्होंने कहा, 'व्यापार नीति मंच (Trade Policy Forum), वाणिज्यिक वार्ता और सीईओ फोरम के तहत हमारी चर्चाओं ने दोनों अर्थव्यवस्थाओं को एक-दूसरे के करीब लाने में मदद की। उन्होंने कहा, "साथ ही, हम इस साल जनवरी में शुरू की गई इनिशिएटिव फॉर क्रिटिकल इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज के माध्यम से अंतरिक्ष से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम कंप्यूटिंग तक भविष्य की प्रौद्योगिकियों पर अपने सहयोग को गहरा करना चाहते हैं। लू ने एक सवाल के जवाब में कहा, "एक मजबूत और समृद्ध भारत संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए और अच्छा साबित होगा हम आपके आर्थिक चमत्कार का हिस्सा बनना चाहते हैं।
अत्याधुनिक रक्षा उपकरण बनाने के लिए भारत और अमेरिका करेगा सहयोग
बाइडन प्रशासन के दक्षिण व मध्य एशिया मामलों के प्रभारी ने गुरुवार को कहा कि अत्याधुनिक रक्षा उपकरण बनाने के लिए भारत और अमेरिका के बीच एक बड़े द्विपक्षीय सहयोग पर काम चल रहा है। दक्षिण और मध्य एशिया के लिए अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री डोनाल्ड लू ने गुरुवार को एक साक्षात्कार में कहा, 'मेरा मानना है कि भारत का अपनी जरूरतों के लिए और संभवत: एक निर्यातक के तौर पर दुनिया के लिए विश्वस्तरीय रक्षा उपकरणों का उत्पादन करना बेहद मायने रखता है।