भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक तनाव ने एक नया मोड़ ले लिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय उत्पादों पर 25 फीसदी टैरिफ यानी आयात शुल्क दिया है। यह निर्णय न सिर्फ द्विपक्षीय व्यापार पर असर डालेगा, बल्कि भारतीय कंपनियों की अमेरिका में प्रतिस्पर्धा को भी कमजोर करेगा। इसके अलावा, रूस से सस्ता तेल और रक्षा उपकरण खरीदने को लेकर अमेरिका की जुर्माना लगाने की चेतावनी से निवेशकों के बीच अनिश्चितता और बढ़ गई है। ऐसे हालात में शेयर बाजार और निर्यात आधारित सेक्टरों पर दबाव बढ़ सकता है। इस दौरान कुछ चुनिंदा शेयरों में निवेश कर अच्छा पैसा बनाया जा सकता है।
सरकार को इस संकट से निपटने के लिए व्यापार वार्ताओं को प्राथमिकता देनी होगी, साथ ही उद्योगों को समर्थन देने के लिए रणनीतिक आर्थिक उपायों की योजना बनानी होगी। निवेशकों के लिए यह समय सतर्क, लेकिन नए अवसरों से भरा है।
बाजार में मिल रहे क्या संकेत?
ट्रंप के टैरिफ बढ़ाने के फैसले के बाद शेयर बाजार में हल्की अस्थिरता देखी जा रही है। विशेष रूप से उन कंपनियों के शेयरों पर दबाव बढ़ा है, जो निर्यात पर निर्भर हैं। जैसे टेक्सटाइल, जूलरी और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर। निवेशकों को आशंका है कि बढ़ती लागत और घटती मांग से इन क्षेत्रों की कंपनियों की कमाई प्रभावित हो सकती है। वहीं, फार्मा और एफएमसीजी जैसी घरेलू मांग आधारित कंपनियों में अपेक्षाकृत स्थिरता बनी है। बाजार फिलहाल अमेरिका-भारत के बीच संभावित व्यापार वार्ता पर नजर बनाए हुए है, जिससे आगे की दिशा तय होगी।
नए मौके के लिए पोर्टफोलियो की समीक्षा
निवेशकों को इस समय पोर्टफोलियो की समीक्षा कर उन कंपनियों पर फोकस करना चाहिए, जिनकी अमेरिकी बाजार पर निर्भरता कम है या जो घरेलू मांग से संचालित होती हैं। एफएमसीजी और आईटी जैसे सेक्टर्स में स्थिरता बनी रह सकती है। अमेरिकी टैरिफ से प्रभावित कंपनियों की कमाई और मैनेजमेंट कमेंट्री पर नजर रखना जरूरी है। लंबी अवधि के निवेशक बाजार की गिरावट को नए अवसर की तरह देख सकते हैं।