दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका के बैंक फेडरल रिजर्व ने फिलहाल ब्याज दरों में बढ़ोतरी का एलान नहीं किया है। यूएस फेड ने ब्याज दरें 0.00-0.25 फीसदी पर कायम रखते हुए, बॉन्ड खरीदारी को तेजी से घटाने का फैसला लिया है।
मार्च 2022 तक बॉन्ड खरीदारी बंद
यूएस फेड के अनुसार, फिलहाल ब्याज दरों को यथावत रखा गया है लेकिन अगले साल ब्याज दरों में तीन बार बढ़ोत्तरी की जाएगी। इसके साथ ही बैंक ने हर महीने 30 अरब डॉलर की बॉन्ड टेपरिंग करने का फैसला लिया गया है। मार्च 2022 तक बॉन्ड खरीदारी बंद की जाएगी। यूएस फेड ने कहा है कि 2022 में 3 बार रेट बढ़ाने की संभावना है। 2023 में दो बार रेट बढ़ाने की संभावना है, वहीं 2024 में भी दो बार रेट बढ़ाए जाने की उम्मीद है। बैंक ने ये भी कहा है कि अर्थव्यवस्था में तेजी के लिए पॉलिसी समीक्षा लगातारी जारी है।
महंगाई के अनुमान को बढ़ाया
बैंक ने 2021 का महंगाई आउटलुक 4.2 फीसदी से बढ़ाकर 5.3 फीसदी कर दिया है। जबकि 2022 के लिए महंगाई अनुमान 2.6 फीसदी किया है। इसके अलावा 2021 का बेरोजगारी दर अनुमान 4.8 फीसदी से घटकर 4.3 फीसदी किया गया है। वहीं, 2021 का जीडीपी अनुमान 5.9 फीसदी से घटाकर 5.5 फीसदी कर दिया गया है। जबकि 2022 का जीडीपी ग्रोथ अनुमान 3.8 फीसदी से बढ़ाकर 4 फीसदी किया गया है।
फैसले के बाद अमेरिकी बाजारों में तेजी
फेड पॉलिसी की घोषणा के बाद अमेरिकी बाजार में तेजी देखने को मिली है। डाउ जोंस में 350 अंकों से ज्यादा का उछाल आया। वहीं, एस एंड पी 500 में 1.6 फीसदी की बढ़त देखने को मिली। जबकि नासडैक 2.15 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ। इस बीच डॉलर में गिरावट आई है लेकिन बॉन्ड यील्ड बढ़ा है। ब्रेंट और गोल्ड की कीमतों में तेजी आई है।