माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर में बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी की खबरें आ रही हैं। ट्विटर की ओर से गुरुवार को कहा गया है कि कंपनी ने अपनी टैलेंट एक्वीजिशन टीम (एचआर टीम) के लगभग 30 प्रतिशत कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। कंपनी की ओर से कहा गया है कि यह कदम कंपनी पर बढ़ते व्यावसायिक दबावों और एलन मस्क के कंपनी का अधिग्रहण करने की जारी प्रक्रिया के तहत उठाया गया है।
वॉल स्ट्रीट जनरल की एक रिपोर्ट के अनुसार कंपनी की टैंलेंट हंट टीम में हुई इस छंटनी से लगभग 100 लोगों की नौकरी चली गई है। आपको बता दें कि कंपनी की ओर से मई महीने में यह कहा गया था कि वह अपना खर्च कम करने के लिए नई हायरिंग की प्रक्रिया को रोक रही है। अब कंपनी की ओर से कहा गया है कि संशोधित व्यावसायिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए कंपनी अपनी एचआर टीम का पुनर्गठन करते हुए उसमें कमी कर रही है। ट्विटर के एक प्रवक्ता ने कंपनी में हुई इस छंटनी की पुष्टि कर दी है पर इसके बारे में और कुछ बोलने से इंकार कर दिया है।
आपको बता दें कि ट्विटर कंपनी में छंटनी की यह खबर ऐसे समय में आई है जब दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क के ट्विटर के 44 बिलियन डॉलर में खरीदने की डील के बाद उसके अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। इससे पहले मई में मस्क ने कहा था कि इस डील को को फिलहाल रोका गया है। खबरें आई थी कि मस्क ने कंपनी के स्पैम और फेक अकाउंट को कैलकुलेट करने की कंपनी की प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे।
गुरुवार को कंपनी के अधिकारियों ने अपनी ब्रीफिंग में ट्विटर के स्पैम को कैलकुलेट करने की प्रक्रिया का भी बचाव किया है। उन्होंने संवाददाताओं के साथ बातचीत में कहा है कि स्पैम अकाउंट्स की संख्या कंपनी के कुल डेली मोनेटाइजेबल यूजर्स की सख्या का महज 5% है। कंपनी अपने रोज लॉग इन करने वाले और ऑथेंटिकेटेड यूजर्स को डेली मॉनेटाइजेबल यूजर्स मानती है।
कंपनी के अधिकारियों ने यह भी कहा है कि एलन मस्क की ओर से कहा गया था कि उन्हें ऐसा लगता है कि कंपनी के स्पैम खातों की संख्या लगभग 20 प्रतिशत तक हो सकती है, पर ट्विटर की ओर से जारी किए गए आंकड़े गलत हैं इसे साबित करने के लिए मस्क की ओर से कोई प्रमाण नहीं दिया गया।
आपको बता दें कि पूरी दुनिया में कमजोर होते स्टॉक मार्केट और मंदी की आशंका की खबरों के बीच छंटनी करने वाली टेक कंपनियों की लिस्ट में ट्विटर सबसे ताजा नाम है। पिछले महीने Coinbase Global Inc. नाम की कंपनी ने अपने 18 प्रतिशत (लगभग 1100 कर्मचारियों) को हटाने की घोषणा की थी। वहीं पिछले हफ्ते Unity Software Inc. नाम की कंपनी ने अपने चार प्रतिशत कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था। वहीं, माइक्रोसॉफ्ट, Snap Inc. और फेसबुक की पैरेंट कंपनी मेटा प्लेटफॉर्म्स ने भी अपनी हायरिंग घटाने की बात कही थी।