दुनिया में एआई की बढ़ती मांग का असर अब इन्हें बनाने वाली कंपनियों पर दिखने लगा है। ताइवान की सेमीकंडक्टर बनाने वाली कंपनी टीएसएमसी का राजस्व नवंबर में पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय रूप से बढ़ा है। माना जा रहा है कि यह वृद्धि एआई चिप्स की मजबूत वैश्विक मांग के कारण हुई है। हालांकि मासिक आधार पर राजस्व की बात करें तो यह अक्तूबर की तुलना में कम रहा।
कंपनी के आधिकारिक बयान के अनुसार, नवंबर 2025 के लिए उसका समेकित शुद्ध राजस्व 343.61 अरब न्यू ताइवान डॉलर (एनटीडी) रहा। यह लगभग 10.99 अरब डॉलर (1 एनटीडी = 0.032 डॉलर) के बराबर है।
कंपनी ने बयान में कहा कि समेकित आधार पर, नवंबर 2025 का राजस्व लगभग 343.61 अरब एनटीडी था। यह अक्तूबर 2025 से 6.5 प्रतिशत कम और नवंबर 2024 से 24.5 प्रतिशत अधिक है। कंपनी के बयान के अनुसार, यह नवंबर 2024 में दर्ज किए गए 276.06 अरब एनटीडी (8.83 अरब अमेरिकी डॉलर) से 24.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
कंपनियों की ओर से अपने एआई इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने के कारण एआई एक्सेलेरेटर और उन्नत पैकेजिंग प्रौद्योगिकियों की मांग विश्व स्तर पर मजबूत बनी हुई है। साल-दर-साल की यह वृद्धि उन्नत सेमीकंडक्टर निर्माण, विशेष रूप से एआई सर्वर, बड़े पैमाने पर कंप्यूटिंग और प्रीमियम स्मार्टफोन के लिए उपयोग किए जाने वाले उच्च-प्रदर्शन चिप्स में कंपनी के निरंतर नेतृत्व को उजागर करती है।
महीने-दर-महीने मामूली गिरावट के बावजूद, कंपनी की दोहरे अंकों वाली वार्षिक वृद्धि वैश्विक स्तर पर एआई इकोसिस्टम के विस्तार और इन तकनीकों के लिए आवश्यक अत्याधुनिक चिप्स की आपूर्ति में टीएसएमसी की केंद्रीय भूमिका को दर्शाती है। टीएसएमसी प्रमुख वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों की एक प्रमुख आपूर्तिकर्ता बनी हुई है। विभिन्न उद्योगों में एआई के बढ़ते उपयोग से इसे और अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है।