दुनिया के सबसे अमीर लोगों के लिए पिछले कुछ दिन बहुत बुरे रहे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से नए जवाबी टैरिफ की घोषणा के बाद, दुनिया भर के बाजारों में भारी गिरावट आई। इसका असर अरबपतियों की संपत्ति पर भी पड़ा। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, गुरुवार (3 अप्रैल) से शुक्रवार के बीच दुनिया के 500 सबसे अमीर लोगों को कुल मिलाकर 536 बिलियन डॉलर का चूना लगा है।
ट्रंप की ओर से टैरिफ का एलान किए जाने के बाद सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वालों की सूची में पहले नंबर पर अमेरिकी राष्ट्रपति के खास और दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क हैं। टेस्ला के शेयरों में शुक्रवार को ही 10% से अधिक की गिरावट आई, इससे मस्क की कुल संपत्ति में 31 अरब डॉलर कम हो गया। इस तरह 2025 में उनका कुल घाटा 130 अरब डॉलर पर पहुंच गया। ब्लूमबर्ग के अनुसार नुकसान के मामले में मेटा के सर्वेसर्वा मार्क जुकरबर्ग भी बहुत पीछे नहीं है। टैरिफ के एलान के बाद उनकी कंपनी के शेयरों में सिर्फ दो दिनों में लगभग 14% की गिरावट आई, इससे उनकी उनकी कुल संपत्ति 27 अरब डॉलर कम हो गई।
अर्नेस्ट गार्सिया III, जो पुरानी कारों के प्लेटफॉर्म कारवाना का संचालन करते हैं, की सपंत्ति में टैरिफ के एलान के बाद 2 अरब डॉलर की गिरावट आई। टैरिफ की घोषणा के बाद कारवाना के शेयर 28% तक फिसल गए और गार्सिया को दुनिया के 500 अमीरों की सूची से बाहर होना पड़ा।
हालांकि ऐसा नहीं है कि हर अरबपति को ट्रंप के फैसले के बाद नुकसान ही उठाना पड़ा। नाइकी के सह-संस्थापक फिल नाइट की संपत्ति में मामूली इजाफा हुआ। डोनाल्ड ट्रम्प ने इस बीच कहा कि वियतनाम के नेता के साथ उनकी 'बहुत ही उत्पादक बातचीत" हुई। ट्रंप ने वियतनामी वस्तुओं पर 46% टैरिफ को हटाने की संभावना का संकेत दिया। इसके बाद जूता ब्रांड के शेयर में 2.8% की वृद्धि दर्ज की गई, क्योंकि नाइकी अपना अधिकांश विनिर्माण वियतनाम में ही करती है।
कंपनी के शेयरों में उछाल से नाइट की संपत्ति में 8.4 करोड़ डॉलर का इजाफा हुआ। इससे उनकी संपत्ति में एक दिन पहले हुए 3 अरब डॉलर के नुकसान की आंशिक भरपाई हुई। मैक्सिकन अरबपति कार्लोस स्लिम की संपत्ति में भी उतार-चढ़ाव दिखा। शुक्रवार को स्लिम की संपत्ति में 5.5 अरब डॉलर का नुकसान हुआ। इस दौरान मैक्सिको का बाजार भी लगभग 5% तक गिर गया।