अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने मंगलवार दोपहर एक व्यापक खर्च पैकेज पर हस्ताक्षर कर संघीय सरकार को दोबारा खोल दिया। ओवल ऑफिस में हस्ताक्षर के बाद ट्रंप ने कहा कि मुझे खुशी है कि मैं समेकित विनियोग अधिनियम पर हस्ताक्षर कर रहा हूं। इससे संघीय सरकार तुरंत फिर से खुल गई है और वित्त वर्ष के बाकी हिस्से के लिए अधिकांश विभागों को फंडिंग मिल सकेगी।
राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के साथ ही तीन दिनों से जारी आंशिक सरकारी शटडाउन समाप्त हो गया। हालांकि, इस कानून के तहत होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (DHS) के लिए केवल अस्थायी राहत मिली है और दो हफ्तों बाद फिर से फंडिंग का संकट खड़ा हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, डीएसएस के लिए अगली समयसीमा दो सप्ताह बाद तय है।
मंगलवार को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने खर्च विधेयकों के एक सेट को मंजूरी दी, जिसका उद्देश्य आंशिक शटडाउन खत्म करना और इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) की जवाबदेही को लेकर द्विदलीय बातचीत के लिए समय खरीदना था। द वाशिंगटन पोस्ट के अनुसार, अगर समय रहते सहमति नहीं बनती, तो 14 फरवरी को DHS के साथ-साथ ट्रांसपोर्टेशन सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन (TSA) और फेडरल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (FEMA) भी बंद हो सकते थे।
खर्च विधेयक पर प्रतिनिधि सभा में मतदान 217-214 से हुआ। हाउस डेमोक्रेट्स ने स्पीकर माइक जॉनसन को प्रक्रिया शुरू कराने में सहयोग न करने की बात कही, हालांकि 21 डेमोक्रेट्स ने अंतिम बिल के पक्ष में वोट दिया। वहीं, 21 रिपब्लिकन सांसदों ने भी इसके खिलाफ मतदान किया।
बिल पर हस्ताक्षर के बाद ट्रंप ने हाउस स्पीकर जॉनसन की सराहना करते हुए कहा कि स्पीकर माइक जॉनसन ने शानदार काम किया है। हम इसकी सराहना करते हैं। जॉनसन ने कहा कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि रिपब्लिकन ने काम पूरा कर लिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले सप्ताह DHS का शटडाउन टाला जा सकेगा और कहा कि यह फंडिंग से खेलने का समय नहीं है। हम अगले 10 दिनों में अच्छे विश्वास के साथ बातचीत की उम्मीद करते हैं।