चीन में उपभोक्ता खर्च और कारखाना उत्पादन में भारी गिरावट से जुड़े आंकड़े सामने आने के बाद एक बार फिर सुस्ती के संकेत मिले हैं। वहीं अमेरिका के साथ चल रहे व्यापारिक तनाव के चलते निवेश में बढ़ोतरी भी रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई।
ये ताजा आंकड़े चीन के नेताओं का सिरदर्द बढ़ा सकते हैं, जो पहले से कमजोर वैश्विक आउटलुक के साथ अमेरिका के साथ शुल्कों को लेकर टकराव की स्थिति से जूझ रहे हैं। चीन के अधिकारियों ने कहा कि अक्तूबर में सालाना आधार पर उपभोक्ता खर्च में 7.2 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि यह सितंबर की तुलना में 0.6 फीसदी कम है। साथ ही बाजार केे अनुमानों से भी काफी कम है।
राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो के आंकड़ों के मुताबिक, औद्योगिक उत्पादन में 4.7 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो एक महीने पहले 5.8 फीसदी रही थी। वहीं वर्ष के पहले 10 महीनों में फिक्स्ड एसेट निवेश में 5.2 फीसदी की बढ़ोतरी रही, जो 1998 के बाद का निचला स्तर है। चीन में 1998 से ही डाटा की तुलना शुरू हुई थी। वहीं अनुमान 5.4 फीसदी का था।