फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

TOP News: व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी, संदिग्ध ढेर; कपूरथला जेल में कैदियों का उत्पात; भीषण लू को लेकर अलर्ट

Sun, 24 May 2026 06:50 AM IST
हिमांशु सिंह चंदेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी से हड़कंप मच गया। सीक्रेट सर्विस ने जवाबी कार्रवाई में संदिग्ध हमलावर को ढेर कर दिया। घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे। वहीं भारत में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बूंदाबांदी के बावजूद राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने नौतपा के दौरान भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका, ईरान और कई पश्चिम एशियाई देशों के बीच शांति समझौते को लेकर बड़ी प्रगति हुई है। ट्रंप ने इस्राइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू से भी बातचीत की और होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने पर चर्चा का जिक्र किया। दूसरी ओर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पार्टी के मुस्लिम नेताओं से समुदाय के मुद्दे खुलकर उठाने और ‘मुस्लिम’ शब्द बोलने से न हिचकने की बात कही। भारत-अमेरिका संबंधों के बीच नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के सम्मान में विशेष स्वागत समारोह आयोजित हुआ, जिसमें विदेश मंत्री जयशंकर और विदेश सचिव विक्रम मिसरी समेत कई बड़े अधिकारी शामिल हुए। वहीं पंजाब की कपूरथला मॉडर्न जेल में कैदियों ने देर रात जमकर उत्पात मचाया और आग लगाने की कोशिश की। स्थिति संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। शिक्षा क्षेत्र में सीबीएसई पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया में तकनीकी गड़बड़ियों पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सख्ती दिखाई और विस्तृत रिपोर्ट मांगी। खेल जगत में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को हराकर प्लेऑफ की उम्मीदें कायम रखीं। वहीं जम्मू-कश्मीर के कठुआ की अंजू राजपूत ने माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर इतिहास रच दिया। मनोरंजन जगत में  एशवर्या का कान फिल्म फेस्टिवल से व्हाइट ड्रेस वाला लुक सोशल मीडिया पर वायरल रहा। देश-दुनिया की ये तमाम बड़ी खबरें पढ़ें एक ही जगह पर...
विज्ञापन

White House Firing: ट्रंप थे व्हाइट हाउस के अंदर, बाहर चलीं गोलियां; सीक्रेट सर्विस ने संदिग्ध को किया ढेर

व्हाइट हाउस के पास फायरिंग के बाद सीक्रेट सर्विस - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास शनिवार रात अचानक गोलीबारी से हड़कंप मच गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्हाइट हाउस परिसर के नजदीक 17th स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू NW इलाके में करीब 30 राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनी गई। यह इलाका आइजनहावर कार्यकारी कार्यालय भवन के पास स्थित है। रिपोर्ट्स के अनुसार, एक संदिग्ध बंदूकधारी ने व्हाइट हाउस के बाहर बने सुरक्षा बूथ पर फायरिंग शुरू कर दी, जहां सीक्रेट सर्विस के अधिकारी तैनात थे। जवाबी कार्रवाई में सीक्रेट सर्विस के जवानों ने भी गोली चलाई, जिसमें संदिग्ध हमलावर घायल हो गया। इस गोलीबारी में एक राहगीर भी घायल हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि किसी सीक्रेट सर्विस अधिकारी के घायल होने की खबर नहीं है। पढ़ें पूरी खबर...

Weather: बूंदाबांदी से भी राहत नहीं, दिल्ली में सिर्फ 2.5 डिग्री गिरा पारा; कल से नौतपा, भीषण लू को लेकर अलर्ट

कल से नौतपा, आज भीषण लू का अलर्ट - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर में बूंदाबांदी के बावजूद तपती गर्मी से राहत नहीं मिली। पंजाब से उत्तर प्रदेश और राजस्थान से पूर्वी भारत तक झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रही है। यूपी में तो सूरज आग बरसा रहा है। बांदा, प्रयागराज में अधिकतम तापमान अब भी 46 डिग्री सेल्सियस के पार है। कई जिलों में 45 डिग्री के आसपास है। वहीं, हल्की बारिश से दिल्ली में अधिकतम तापमान 2.5 डिग्री गिर गया। शनिवार को पारा 41.1 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार से नौतपा शुरू हो रहा है। नौ दिनों तक आसमान से आग बरसने और झुलसा देने वाली पछुआ हवाएं चलने की संभावना है। पढ़ें पूरी खबर...

ट्रंप का बड़ा दावा: ईरान पर शांति समझौते की तैयारी, नेतन्याहू से की बात; होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने पर भी चर्चा

ईरान और इस्राइल को लेकर ट्रंप ने क्या कहा? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका, ईरान और कई पश्चिम एशियाई देशों के बीच शांति समझौते को लेकर बड़ी प्रगति हुई है। ट्रंप ने कहा कि व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में उनकी कई देशों के नेताओं के साथ अहम बातचीत हुई। इस बातचीत में ईरान से जुड़े मुद्दों और शांति समझौते पर चर्चा की गई। ट्रंप के मुताबिक समझौते के ज्यादातर हिस्सों पर सहमति बन चुकी है और अंतिम चरण की बातचीत जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि इस समझौते के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने पर भी सहमति बन रही है। पढ़ें पूरी खबर...

Rahul Gandhi: राहुल गांधी का मुस्लिम नेताओं को सीधा संदेश, बोले- मुस्लिम शब्द बोलने से न हिचके कांग्रेस

राहुल गांधी - फोटो : PTI
राहुल गांधी ने कांग्रेस के मुस्लिम नेताओं से साफ कहा है कि उन्हें अपने समुदाय से जुड़े मुद्दों को खुलकर उठाना चाहिए और पार्टी में मुस्लिम समाज की भागीदारी बढ़ाने के लिए सक्रिय रूप से काम करना चाहिए। नई दिल्ली में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की सलाहकार परिषद की बैठक में राहुल गांधी ने यह संदेश दिया। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने कहा कि अगर किसी मुस्लिम के साथ अन्याय होता है तो उसकी आवाज केवल ‘अल्पसंख्यक’ कहकर नहीं बल्कि ‘मुस्लिम’ पहचान के साथ उठाई जानी चाहिए। राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है जब विपक्ष लगातार सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोल रहा है। पढ़ें पूरी खबर...

Roosevelt House Reception: रुबियो के सम्मान में स्वागत समारोह, जयशंकर-मिसरी समेत कई अतिथि शामिल; देखें तस्वीर

रूजवेल्ट हाउस में स्वागत समारोह में शामिल हुए जयशंकर-मिसरी - फोटो : ANI
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के पहले भारत दौरे के दौरान शनिवार को नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास में खास स्वागत समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने रूजवेल्ट हाउस में आयोजित किया, जिसमें भारत और कई देशों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। नई दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम को भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि मार्को रुबियो की यह यात्रा दोनों देशों के बीच पिछले कुछ समय से चल रहे कूटनीतिक मुद्दों को सुलझाने और सहयोग बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है। पढ़ें पूरी खबर...

Punjab: कपूरथला जेल में कैदियों ने मचाया उत्पात, जेल के अंदर आग लगाने की कोशिश, गोली भी चली

कपूरथला जेल में कैदियों का तांडव - फोटो : अमर उजाला
पंजाब में शनिवार देर रात माडर्न जेल कपूरथला में अचानक कैदी भड़क उठे। कैदी छतों पर चढ़कर उत्पात मचाने लगे। जेल के अंदर कैदियों द्वारा आग लगाने की कोशिश की गई। इस दौरान गोली चलने की भी सूचना है। एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा पुलिस अफसरों समेत 150 पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंच गए। हालांकि एक फायर बिग्रेड की गाड़ी भी जेल के अंदर रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए पहुंची है। डीआईजी, एसएसपी डीएसपी से लेकर जेल एसपी तक किसी भी अधिकारी से संपर्क नहीं हो रहा है। पढ़ें पूरी खबर...

CBSE: सीबीएसई के पुनर्मूल्यांकन में गड़बड़ी पर सख्त हुए धर्मेंद्र प्रधान, छात्रों की शिकायतों पर मांगी रिपोर्ट

केंद्र सरकार सख्त - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया में सामने आई तकनीकी गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार सख्त हो गई है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रों और अभिभावकों की शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए सीबीएसई से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। छात्रों ने पोर्टल ठप होने, पेमेंट फेल होने और उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी में दिक्कतों की शिकायत की थी। बोर्ड परीक्षा के परिणाम आने के बाद बड़ी संख्या में छात्र पुनर्मूल्यांकन और उत्तर पुस्तिका सत्यापन के लिए आवेदन कर रहे हैं। इसी दौरान कई तकनीकी समस्याएं सामने आईं, जिससे छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई। पढ़ें पूरी खबर...

Jammu: कठुआ की बेटी ने माउंट एवरेस्ट पर फहराया तिरंगा, ये मुकाम हासिल करने वाली जिले की पहली महिला बनीं अंजू

अंजू ने माउंट एवरेस्ट पर फहराया तिरंगा - फोटो : अमर उजाला
कठुआ की बेटी ने दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है। डिंगाअंब ब्लॉक की कटली पंचायत के सुंखल गांव की अंजू राजपूत ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराया है। आईटीबीपी में कांस्टेबल अंजू राजपूत यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाने वाली कठुआ जिले की पहली महिला पर्वतारोही बन गई हैं। उनकी इस अद्भुत सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी और जश्न का माहौल है। पढ़ें पूरी खबर...

LSG vs PBKS: लखनऊ पर जीत से पंजाब शीर्ष-चार में, प्लेऑफ की उम्मीदें अब भी जीवित; श्रेयस-प्रभसिमरन चमके

श्रेयस अय्यर - फोटो : IANS
पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को सात विकेट से हराकर अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जीवित रखा है। शनिवार को इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ ने जोश इंग्लिस की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 196 रन बनाए। जवाब में पंजाब किंग्स ने श्रेयस अय्यर की नाबाद शतकीय और  प्रभसिमरन की अर्धशतकीय पारियों की सहायता से 18 ओवर में तीन विकेट पर 200 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

व्हाइट ड्रेस में ऐश्वर्या राय बच्चन ने मचाया तहलका, रेड कार्पेट पर अदाएं बिखेरती आईं नजर; वायरल हुआ वीडियो

ऐश्वर्या राय बच्चन कान लुक - फोटो : सोशल मीडिया
इन दिनों ऐश्वर्या राय बच्चन कान फिल्म फेस्टिवल में शिरकत कर रही हैं। हाल ही में उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिसमें एक्ट्रेस ब्लू ड्रेस में जलवा बिखेरती नजर आ रहीं थीं। अब फेस्टिवल से जुड़ा एक और वीडियो सामने आया है, जिसने फैंस की धड़कने और बढ़ा दी हैं।  पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें