मस्क ने यहां तक पूछ डाला कि 'एयरलाइन को खरीदने में कितना खर्च आएगा?', बात यहीं तक नहीं रुकी टेस्ला ओनर्स सिलिकॉन वैली (@teslaownersSV) ने एक्स पर @grok से पूछा कि रयानएयर की कीमत कितनी है। इसके जवाब में ग्रोक ने कहा कि जनवरी 2026 तक के हालिया आंकड़ों के अनुसार रयानएयर होल्डिंग्स का मार्केट कैप करीब 35 अरब अमेरिकी डॉलर है। इसके बाद एलन मस्क ने मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि वह सच में रयानएयर की कमान किसी ऐसे व्यक्ति को सौंपना चाहते हैं, जिसका नाम रयान हो और यही उसकी नियति है।
एलन मस्क और रयानएयर के बीच पहले से जारी है तनाव
हालांकि यह वायरल बहस सिर्फ एक्स के आउटेज या मजाक तक सीमित नहीं रही। यह एलन मस्क और रयानएयर के सीईओ माइकल ओ'लेरी के बीच पहले से जारी तनाव का ताजा अध्याय बन गई। कुछ दिन पहले आयरिश रेडियो स्टेशन न्यूजटॉक को दिए इंटरव्यू में ओ'लेरी ने स्टारलिंक को लेकर चल रही अटकलों को खारिज करते हुए मस्क पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने कहा था, 'मैं एलन मस्क पर बिल्कुल ध्यान नहीं देता। वह बहुत अमीर हैं, लेकिन हैं फिर भी बेवकूफ।'
यह बयान सोशल मीडिया पर फैलते ही मस्क ने भी जवाब देने में देर नहीं की। उन्होंने ओ'लेरी की टिप्पणी से जुड़ा पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, 'रयानएयर का सीईओ पूरी तरह बेवकूफ है। उसे निकाल देना चाहिए।' इसके बाद दोनों के बीच बयानबाजी और तेज हो गई।
सीईओ ओ'लेरी ने स्टारलिंक को न अपनाने की वजह बताई
स्टारलिंक को विमान में इंटरनेट सेवा के तौर पर न अपनाने के फैसले पर ओ'लेरी ने आर्थिक वजहें गिनाईं। उनके मुताबिक, हर विमान पर सैटेलाइट एंटीना लगाने से सालाना 20 से 25 करोड़ डॉलर का खर्च आएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रति यात्री करीब एक डॉलर अतिरिक्त लागत है और हमारे यात्री इसके लिए भुगतान नहीं करना चाहते।' ओ'लेरी ने यह भी कहा कि अगर इंटरनेट मुफ्त हो तो लोग इस्तेमाल करेंगे, लेकिन इसके लिए पैसे देने को तैयार नहीं हैं।
ओ'लेरी ने एक्स प्लेटफॉर्म की आलोचना की
ओ'लेरी ने मस्क के प्लेटफॉर्म एक्स पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि वह 'एलन मस्क के उस नाले जैसे प्लेटफॉर्म' पर कही गई किसी भी बात पर ध्यान नहीं देते। उन्होंने यह भी जोड़ा कि वे खुद सोशल मीडिया से दूर रहते हैं और इसमें शामिल होने के लिए खुद को 'बहुत बूढ़ा' मानते हैं।
मस्क के पुराने पोस्ट हो रहे हैं वायरल
इस पूरे विवाद ने विमानन उद्योग से बाहर भी लोगों का ध्यान खींचा है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इसे दो बेबाक कारोबारी लीडर्स के बीच टकराव के तौर पर देख रहे हैं। इस बीच मस्क के पुराने पोस्ट भी फिर से वायरल हो गए हैं, जिनमें उन्होंने कभी मजाकिया अंदाज में ट्विटर खरीदने की बात कही थी। करीब 44 अरब डॉलर में ट्विटर के अधिग्रहण और उसके एक्स बनने के बाद अब यही प्लेटफॉर्म एक बार फिर मस्क से जुड़ी वैश्विक बहस के केंद्र में है।