प्रिया नायर को हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड की पहली महिला सीईओ और प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। इस घोषणा के बाद शुक्रवार को शेयर बाजार में कंपनी के शेयरों में पांच प्रतिशत का उछाल आया। बाजार ने नई महिला लीडरशिप के लिए सकारात्मक रुख दिखाया।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) के शेयरों में शुक्रवार को पांच प्रतिशत की तेजी आई। यह उछाल कंपनी की नई सीईओ की नियुक्ति के बाद देखा गया। भारत की सबसे बड़ी एफएमसीजी फर्म ने गुरुवार को घोषणा की प्रिया नायर 1 अगस्त, 2025 से कंपनी की पहली महिला सीईओ और प्रबंध निदेशक बनेंगी।
इसके बाद बीएसई पर शेयर 5 प्रतिशत उछलकर 2,529.85 रुपये पर पहुंच गया। वहीं एनएसई में कंपनी के शेयर 5 प्रतिशत बढ़कर 2,529.90 रुपये पर पहुंच गए।
प्रिया ने लिया रोहित जावा का स्थान
प्रिया नायर वर्तमान में यूनिलीवर के सौंदर्य एवं कल्याण विभाग की अध्यक्ष हैं। प्रिया को पांच वर्ष की अवधि के लिए नियुक्त किया गया है। एफएमसीजी प्रमुख ने एक बयान में कहा कि वह रोहित जावा का स्थान लेंगी। रोहित 31 जुलाई, 2025 को सीईओ और एमडी के पद से हटकर अपनी व्यक्तिगत और पेशेवर यात्रा के अगले अध्याय को आगे बढ़ाएंगे। जावा ने 2023 में एचयूएल के सीईओ और एमडी का पदभार संभाला।
प्रिया का रहा है शानदार करियर
कंपनी ने कहा कि नायर आवश्यक अनुमोदन के अधीन एचयूएल बोर्ड में भी शामिल होंगी और यूनिलीवर लीडरशिप एक्जीक्यूटिव (यूएलई) की सदस्य बनी रहेंगी। एचयूएल के चेयरमैन नितिन परांजपे ने कहा कि प्रिया का एचयूएल और यूनिलीवर में शानदार करियर रहा है। मुझे पूरा विश्वास है कि भारतीय बाजार की गहरी समझ और बेहतरीन ट्रैक रिकॉर्ड के साथ, प्रिया एचयूएल को प्रदर्शन के अगले स्तर पर ले जाएंगी।