ऐसे बहुतेरे नौकरीपेशा वाले लोग हैं, जो टैक्स बचाने के लिए साल भर के निवेश या अन्य दावों को जोड़ते हैं। बावजूद साल के अंत में जब वे इसका गुणा भाग करते हैं तो उनको लगता है कि ज्यादा टैक्स कट गया है। आप सभी कटौतियों का दावा नहीं करते हैं तो और भी ज्यादा कर कटने की संभावना बनी रहती है। यानी कमाई का एक बड़ा हिस्सा टैक्स के रूप में भुगतान करते हैं। ऐसे में आप कंपनी से अपने मुआवजे के पैकेज में बदलाव करवा सकते हैं। इस बदलाव से सालाना आप 75,000 रुपये का टैक्स बचा सकते हैं।
गैजेट के मूल्य पर केवल 10 फीसदी का टैक्स
धारा 17(2) के तहत, कंपनी के नाम से खरीदे गए और व्यक्तिगत उपयोग के लिए कर्मचारी को दिए गए गैजेट और उपकरणों पर मूल्य के केवल 10 फीसदी पर कर लगाया जाता है। अगर आपको कंपनी 1.5 लाख रुपये का गैजेट अलाउंस देती है तो आपका टैक्स 44,000 रुपये तक कम हो सकता है।
अंतिम समय का इंतजार न करें
ध्यान रखें कि आप जो भी निवेश करते हैं, उसके लिए अंतिम समय का इंतजार नहीं करें। आमतौर पर लोग फरवरी या मार्च में निवेश करने में बहुत तेजी दिखाते हैं। ऐसे में कई सारे निवेश के विकल्प आप भूल भी सकते हैं। इसलिए, अप्रैल से ही आपको सारे विकल्पों को आजमाकर कर बचाने पर काम करना चाहिए।
आज हर किसी की कमाई का एक बड़ा हिस्सा टैक्स में चला जाता है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि वे वित्त वर्ष शुरू होने के साथ ही इसकी योजना बनाएं और जनवरी तक इसे पूरा कर लें। इससे उनको टैक्स बचाने में ज्यादा आसानी होगी। -अर्चना पांडे, निवेश सलाहकार