अमेरिका के जवाबी टैरिफ से जुड़े जोखिमों को देखते हुए मूडीज एनालिटिक्स ने 2025 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि दर अनुमान को 0.3 फीसदी घटाकर 6.1 फीसदी कर दिया है। मार्च में भारतीय अर्थव्यवस्था के 6.4 फीसदी की रफ्तार से बढ़ने का अनुमान जताया था। वित्तीय सेवा कंपनी ने बृहस्पतिवार को कहा, अमेरिका भारत के सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों में से एक है। इसलिए, भारतीय वस्तुओं के आयात पर 26 फीसदी टैरिफ लगाने से व्यापार संतुलन पर भारी असर पड़ेगा। हालांकि, 2025-26 के बजट में घोषित टैक्स प्रोत्साहन उपायों से घरेलू अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा और इससे अन्य कमजोर अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में समग्र वृद्धि पर टैरिफ के झटके को कम करने में मदद मिलेगी।