फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Tata Motors: टाटा मोटर्स के वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 19% घटी, यात्री वाहनों की बिक्री में 6% की गिरावट

Tue, 01 Oct 2024 05:44 PM IST
कुमार विवेक बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Tata Motors Sales Decline: कंपनी ने कुल 2,15,034 वाहनों की बिक्री की सूचना दी है, जो पिछले वर्ष इसी अवधि के दौरान बेची गई 2,43,024 इकाइयों की तुलना में 12 प्रतिशत कम है।
विज्ञापन
टाटा मोटर्स - फोटो : Tata Motors
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

टाटा मोटर्स लिमिटेड के वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री वित्त वर्ष 2024-25 की दूसरी तिमाही में 19 प्रतिशत घट गई। वहीं यात्री वाहनों की बिक्री में सालाना आधार पर 6 प्रतिशत की गिरावट आई है। कंपनी ने कुल 2,15,034 वाहनों की बिक्री की सूचना दी है, जो पिछले वर्ष इसी अवधि के दौरान बेची गई 2,43,024 इकाइयों की तुलना में 12 प्रतिशत कम है। बिक्री में गिरावट का कारण वाणिज्यिक वाहन और यात्री वाहन दोनों खंडों में खराब प्रदर्शन रहा है।

विज्ञापन


घरेलू बाजार की बात करें तो टाटा मोटर्स ने सितंबर 2024 में 69,694 वाहन बेचे। यह आंकड़ा सितंबर 2023 की तुलना में 15 प्रतिशत कम है। वित्तीय वर्ष 2024-25 की दूसरी तिमाही में घरेलू स्तर पर टाटा मोटर्स की ओर से बेचे जाने वाले वाहनों की कुल संख्या 2,09,861 रही। यह पिछले वित्त वर्ष में की दूसरी तिमाही में बेची गई 2,37,128 गाड़ियों की तुलना में 11 प्रतिशत कम है।

कंपनी के लिए वित्तीय वर्ष की दूसरी तिमाही कमर्शियल वाहनों (वाणिज्यिक वाहनों) की श्रेणी के लिए सबसे अधिक एक चुनौतीपूर्ण रहा। पिछले साल की उक्त तिमाही में वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री का आंकड़ा 1,04,085 था, जो इस बार घटकर 84,281 रह गया। 
विज्ञापन


घरेलू स्तर पर कमर्शियल वाहनों की बिक्री सितंबर 2023 की तुलना में 23 प्रतिशत गिरकर 28,631 इकाई हो गई। यह आंकड़ा बाजार में कंपनी के लिए चुनौतीपूर्ण स्थिति को दर्शाता है। भारी वाणिज्यिक वाहन की श्रेणी में कंपनी को बड़ा झटका लगा है। इस वित्तीय वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी ने उक्त श्रेणी में  22,904 वाहन बेचे जो पिछले वर्ष की तुलना में 25% कम है। माना जा रहा है कि यह गिरावट बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं में मंदी, खनन गतिविधियों में कमी और भारी मानसून के कारण दर्ज की गई। 

इसी तरह, मध्यवर्ती और हल्के वाणिज्यिक वाहनों (ILMCV)की बिक्री में भी 11 प्रतिशत की कमी आई। दूसरी तिमाही के दौरान इस श्रेणी के 14,693 वाहन बेचे गए। छोटे वाणिज्यिक वाहनों (SCV) और पिकअप सेगमेंट में भी कंपनी की बिक्री में 25 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इस श्रेणी में चालू वित्तीय वर्ष की दूसरी तिमाही के दौरान कुल 31,399 इकाइयां बिकीं। इसके विपरीत, दूसरी तिमाही के दौरान कंपनी के पैसेंजर सेगमेंट के वाणिज्यिक वाहन व्यवसाय ने लचीलापन दिखाया। मांग में बढ़ोतरी होने से इस सेगमेंट में कुल बिक्री 3 प्रतिशत बढ़कर 10,935 इकाई हो गई।

टाटा मोटर्स लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक गिरीश वाघ ने कहा, "बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं के निष्पादन में मंदी, खनन गतिविधि में कमी और भारी बारिश के कारण मांग में कमी आई जिसके परिणामस्वरूप एचसीवी सेगमेंट में FY25 की दूसरी तिमाही में 25 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, आईएलएमसीवी (इंटरमीडिएट और लाइट कमर्शियल व्हीकल) सेगमेंट में 11 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।"

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें