टाटा समूह के नेतृत्व वाली एयर इंडिया ने किफायती विमान सेवा उपलब्ध कराने वाली एयर एशिया इंडिया के अधिग्रहण का प्रस्ताव रखा है। टाटा ने एयर एशिया इंडिया के अधिग्रहण के लिए भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग से मंजूरी दिए जाने का अनुरोध किया है।
गौरतलब है कि एयर एशिया इंडिया में टाटा संस प्राइवेट लिमिटेड की 83.67 प्रतिशत हिस्सेदारी है। सीसीआई में दायर किए गई याचिका में यह बताया गया है। बता दें कि एक निश्चित सीमा से अधिक हिस्सेदारी के सौदों के लिए सीसीआई की मंजूरी जरूरी है। कंपनी की बाकी हिस्सेदारी मलेशिया के एयरएशिया समूह के एयरएशिया इंवेस्टमेंट लिमिटेड (एएआईएल) के पास है। टाटा संस प्राइवेट लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी टैलेस प्राइवेट लिमिटेड ने पिछले वर्ष एयर इंडिया और इसकी सहायक कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस का अधिग्रहण किया था। टाटा सिंगापुर एयरलाइंस के साथ संयुक्त रुप से एक पूर्ण विमानन सेवा विस्तारा का संचालन भी करती है।