अब हवाई यात्रा के लिए हवाई अड्डे में प्रवेश से लेकर के प्लेन से उतरने तक किसी तरह के कागजात की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए केवल आपको अपना आधार नंबर और मोबाइल फोन रखना होगा, जो कि बोर्डिंग पास का काम करेगा।
नागर विमानन मंत्रालय एक डिजि यात्रा स्कीम लेकर के आ रही है, जिसके बाद इस तरह से यात्रा हो सकेगी। अभी यात्रियों को बोर्डिंग पास लेने और हवाई अड्डे में प्रवेश करने के लिए आईडी प्रूफ और टिकट लेकर के जाना पड़ता है।
केंद्र सरकार जल्द देश भर में करेगी लागू
नागर विमानन मंत्रालय यात्रियों के एयरपोर्ट पर एंट्री के तरीके को और भी आसान करने की तैयारी कर रही है। उड्डयन मंत्रालय यात्रियों को पेपर चेकिंग की जटिल प्रक्रिया से निजात दिलाने के लिए बायोमेट्रिक तरीके से प्रवेश करने का प्लान बना रहा है।
बता दें कि सरकार एयरपोर्ट पर पहले से ही एंट्री के लिए मोबाइल के इस्तेमाल पर जोर दे रही है, जिससे कागजी प्रक्रिया के बजाय मोबाइल से वो काम निपटाए जा सकें। अब नई प्रक्रिया के तहत टिकट बुकिंग के समय इस्तेमाल किए गए आधार कार्ड की मदद से बायोमेट्रिक एंट्री की जा सकेगी।