घरेलू विमानन कंपनी स्पाइसजेट जल्द ही एयरबस से 100 नए विमान खरीद सकती है। कंपनी के चेयरमैन अजय सिंह ने एक समाचार एजेंसी से बात करते हुए कहा कि विस्तार योजना के तहत ऐसा किया जाएगा। इसके लिए कंपनी करीब 71 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
बता दें कि स्पाइसजेट अपने लॉजिस्टिक्स कारोबार का आईपीओ लाने की योजना बना रही है। इस संदर्भ में ब्लूमबर्ग को दिए इंटरव्यू में स्पाइसजेट के चेयरमैन अजय सिंह ने कहा कि एक साल पुरानी स्पाइस एक्सप्रेस को 12 महीने के भीतर स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट कराया जा सकता है। कार्गो बिजनेस एयरलाइन कंपनियों को ऐसे समय में राहत प्रदान करती हैं जब बाजार में प्रतिस्पर्धा बहुत ज्यादा हो और यात्री किराए में भी ज्यादा बढ़ोतरी नहीं की जा सकती है। रिसर्च फर्म ईमार्केटर की मानें, तो साल 2022 तक ई-कॉमर्स बिक्री बढ़कर 72 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है। साल 2018 में यह आंकड़ा 32.7 अरब डॉलर था।