जुलाई में देश में लगभग 25 लाख नए रोजगार पैदा हुए, जबकि पिछले महीने 31 लाख लोगों को रोजगार मिला था। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) और ईपीएफओ द्वारा बुधवार को जारी पेरोल डाटा में यह बात सामने आई है।
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) ने एक रिपोर्ट में कहा कि ईएसआईएसी में वित्त वर्ष 2018-19 के दौरान कुल 1.49 करोड़ नए सदस्यों ने नामांकन कराया। इसके अलावा सितंबर, 2017 से जुलाई, 2019 तक लगभग 2.83 करोड़ नए सदस्य ईएसआई योजना से जुड़े।
एनएसओ की रिपोर्ट ईएसआईसी, सेवानिवृत्त फंड बॉडी ईपीएफओ और पेंशन कोष विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) द्वारा चलाई जाने वाली विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के नए सदस्यों के पेरोल डाटा पर आधारित होती है। इन तीन संगठनों का पेरोल डाटा या नए सदस्यों का डाटा अप्रैल, 2018 से जारी हो रहा है, जिसमें सितंबर, 2017 के बाद की अवधि को शामिल किया गया है। रिपोर्ट से जाहिर होता है कि सितंबर, 2017 से मार्च, 2018 के बीच ईएसआईसी में कुल 83.34 लाख नए नामांकन हुए।
ईपीएफओ में 11 लाख नए लोग
वहीं इस साल जुलाई में ईपीएफओ में कुल 11.61 लाख नए नामांकन हुए, जबकि पिछले महीने जून में यह आंकड़ा 19.75 लाख रहा था। वित्त वर्ष 2018-19 के दौरान ईपीएफओ की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से कुल 61.12 लाख नए सदस्य जुड़े थे।
इसी प्रकार सितंबर, 2017 से मार्च, 2018 तक 15.52 लाख नए नामांकन हुए। सितंबर, 2017 से जुलाई, 2019 के दौरान ईपीएफ योजना से 2.65 करोड़ नए सदस्य जुड़े। एनएसओ ने कहा कि इस रिपोर्ट में औपचारिक क्षेत्र में रोजगार के स्तरों पर विभिन्न संभावनाओं को बताती है और इसमें समग्र स्तर पर रोजगार का आकलन नहीं किया जाता है।