सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की पहली परिपक्वता अवधि 30 नवंबर को पूरी होगी। आठ वर्षों में इस बॉन्ड ने 13.63% की दर से रिटर्न दिया है। परिपक्वता अवधि की कीमत को आरबीआई इसी महीने जारी करेगा। इतना ज्यादा फायदा इसलिए मिला, क्योंकि इस अवधि में सोने की कीमतों में दोगुना से ज्यादा उछाल आया।
आरबीआई ने पहली बार गोल्ड बॉन्ड की शुरुआत नवंबर, 2015 में की थी।
परिपक्वता अवधि या बॉन्ड के भुनाने का दाम सोने के 999 शुद्धता के पिछले हफ्ते (सोमवार से शुक्रवार) के औसत बंद भाव पर होता है। इस कीमत को इंडियन बुलियन एवं जूलरी एसोसिएशन जारी करता है। आरबीआई ने हाल में 2017-18 के बॉन्ड से समय से पहले भी निकासी की घोषणा की थी।
इसकी कीमत 6,116 रुपये प्रति ग्राम तय की गई थी। ऐसे में पहले बॉन्ड की कीमत इसी के आस पास हो सकती है। पहले चरण की कीमत 2,684 रुपये प्रति ग्राम तय की गई थी। गोल्ड बॉन्ड में शुरुआती निवेश पर सालाना 2.75 फीसदी की दर से तय ब्याज मिलता है। ब्यूरो
ऐसे समझें रिटर्न का गणित
- निवेश की कुल रकम : 99,308 रुपये
- प्रति ग्राम सोने का भाव : 6,130 रुपये
- निकासी के समय राशि : 2,26,810 रुपये
- छमाही आधार पर ब्याज : 1,365 रुपये
- कुल वास्तविक रिटर्न : 128 फीसदी
- चक्रवृद्धि ब्याज : 10.88 फीसदी
- रिटर्न : 13.6% (10.88+2.75%)
(गणना 37 ग्राम सोने की 2,684 रुपये प्रति ग्राम कीमत के आधार पर की गई है।)