सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को शेयर बाजार लाल निशान के साथ खुला। सुबह 10 बजे की बात करें तो सेंसेक्स 300 अंकों की गिरावट के साथ 62520.21 पर बना हुआ था वहीं निफ्टी भी करीब 100 अंकों तक लुढ़कने के बाद 18595.85 पर बना हुआ था। इसके बाद बीएसई सेंसेक्स 33.9 अंक टूटकर 62,834.60 और एनएसई निफ्टी 4.95 अंक की मामूली बढ़त के साथ 18,701.05 अंक पर बंद हुआ। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 47 पैसे की गिरावट के साथ 81.80 (अस्थायी) के भाव पर बंद हुआ।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 33.9 अंक यानी 0.05 फीसदी की गिरावट के साथ 62,834.60 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 360.62 अंक तक नीचे चला गया था। हालांकि, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 4.95 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 18,701.05 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, डॉ. रेड्डीज, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल, बजाज फिनसर्व और महिंद्रा एंड महिंद्रा प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। वहीं, टाटा स्टील, एनटीपीसी, भारतीय स्टेट बैंक, इंडसइंड बैंक और पावरग्रिड को फायदा हुआ।
इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.73 प्रतिशत की बढ़त के साथ 87.05 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 214.76 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।