वित्तीय वर्ष 2024-25 के पहले वीकली एक्सपायरी के दिन घरेलू शेयर बाजार में नया रिकॉर्ड बन गया है। दो दिनों की गिरावट के बाद शेयर बाजार में हरियाली लौट आई। गुरुवार को प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी फिर रिकॉर्ड स्तर पर कारोबार करते दिखे। इस दौरान सेंसेक्स 500 अंक उछलकर 74,400 के पार पहुंच गया। दूसरी ओर निफ्टी भी पहली बार 22,600 के स्तर पर पहुंचा। मिले-जुले वैश्विक रुख और तिमाही नतीजों की घोषणा से पहले प्रमुख शेयरों में लिवाली बढ़ने से सेंसेक्स और निफ्टी गुरुवार को हरे निशान पर कारोबार करते दिखे।
इससे पहले सेंसेक्स एक अप्रैल को 74,254.62 अंक के उच्च स्तर पर पहुंचा था। इसके बाद यह 74,014 पर बंद हुआ था। इसी दिन निफ्टी भी 22,462 के अपने सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया था। बंबई शेयर बाजार का 50 शेयरों वाला सेंसेक्स दिन में कारोबार के दौरान 22,529.95 अंक के उच्चस्तर को छू गया था।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा कि वैश्विक और घरेलू संकेतों से पता चलता है कि आने वाले दिनों में बाजार मजबूत होने की संभावना है और चौथी तिमाही के परिणाम आना शुरू होने पर बाजार पर इसका असर दिखने लगे। इसलिए, चौथी तिमाही का परिणाम एक क्षेत्रीय और स्टॉक-विशिष्ट दृष्टिकोण से बाजार के लिए अगला प्रमुख ट्रिगर होगा।
उन्होंने कहा बाजार को वाहन, पूंजीगत वस्तुएं, दूरसंचार और चुनिंदा फार्मास्युटिकल्स से अच्छे परिणाम की उम्मीद है। एनआईएम में कुछ कमी के बावजूद वित्तीय कंपनियां भी अच्छे नतीजे दर्ज करेंगी और इसलिए निवेशकों की ओर से इन्हें प्राथमिकता मिलने की संभावना है।