बॉम्बे शेयर बाजार में सोमवार का कारोबार लाल निशान पर बंद हुआ। सेंसेक्स और निफ्टी शुरुआती तेजी को बरकरार नहीं रख सके। बीएसई सेंसेक्स 73.48 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81,151.27 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 72.95 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,781.10 अंक पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 545 अंक चढ़ गया था। हालांकि, बाद में बिकवाली से बने दबाव के कारण सूचकांक नीचे आ गया।
कोटक बैंक में बिकवाली
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से कोटक महिंद्रा बैंक में चार प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। बैंक का तिमाही परिणाम निवेशकों की उम्मीदों के अनुरूप नहीं होने से इसका शेयर नीचे आ गया। इसके अलावा बजाज फिनसर्व, इंडसइंड बैंक, अदाणी पोर्ट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, हिंदुस्तान यूनिलीवर और जेएसडब्ल्यू स्टील में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही।
इन कंपनियों के शेयर मुनाफे में रहे
गिरावट के बावजूद कुछ शेयर लाभ में भी रहे। एचडीएफसी बैंक करीब तीन प्रतिशत चढ़ा। बैंक का एकीकृत शुद्ध लाभ सितंबर तिमाही में छह प्रतिशत बढ़कर 17,825.91 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। लाभ में रहने वाले अन्य शेयरों में एशियन पेंट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, मारुति और टेक महिंद्रा शामिल हैं। मझोली कंपनियों से जुड़ा बीएसई मिडकैप 1.63 प्रतिशत और छोटी कंपनियों से संबंधित स्मॉलकैप सूचकांक 1.51 प्रतिशत नीचे रहा।
विदेशी संस्थागत निवेशकों ने पैसे निकाले
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 5,485.70 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 5,214.83 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कम्पोजिट बढ़त में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार के दौरान गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त में रहे थे।