म्यूचुअल फंड में निवेश करना सस्ता हो सकता है। साथ ही फंड मैनेजरों के लिए कायदे कानून भी सख्त हो सकते हैं। सेबी 28 जून को होने वाली बोर्ड बैठक में यह फैसला कर सकता है।
पूंजी बाजार नियामक सेबी कुल खर्च अनुपात (टीईआर) में बदलाव कर सकता है। इससे योजनाओं में निवेश की लागत घट जाएगी। फंड कंपनियां निवेशकों से सालाना आधार पर इसे वसूलती हैं। सेबी ने 18 मई को परिचर्चा पत्र में कहा था कि म्यूचुअल फंडों को टीईआर को एक समान बनाना चाहिए, न कि स्कीम के स्तर पर। इसका मतलब यह है कि फंड हाउस की सभी इक्विटी या डेट स्कीम को प्रबंधित परिसंपत्तियों के आधार पर टीईआर चार्ज करना होगा। प्रस्तावित सुधारों को लागू किया गया तो इससे म्यूचुअल फंड के निवेशकों की निवेश पर लागत 0.5 से 20 फीसदी तक घट जाएगी।
उच्च पेंशन के लिए अब 11 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन
नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने उच्च पेंशन के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 दिन बढ़ा दी है। अब अंशधारक कर्मचारी पेंशन योजना (ईपीएस) के तहत उच्च पेंशन के लिए 11 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। यह तीसरी बार है, जब समय सीमा बढ़ाई गई है। इससे पहले अंतिम तिथि 26 जून थी।
आरबीआई ने लगाया 1.30 करोड़ जुर्माना
मुंबई। आरबीआई ने विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक, ट्रंासयूनियन सिबिल, इक्विफैक्स क्रेडिट इन्फॉर्मेशन सर्विसेज और अन्य पर करीब 1.30 करोड़ जुर्माना लगाया है। स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक पर सर्वाधिक 30 लाख जुर्माना लगा है।
किआ इंडिया ने वापस मंगाईं 30,297 कारें
किआ इंडिया ने सॉफ्टवेयर अपडेट के लिए 30,297 कैरेंस कारें वापस मंगाई हैं। कंपनी ने कहा, सितंबर, 2022 से फरवरी, 2023 के बीच बनी कारें वापस मंगाई जा रही है। वह डीलरशिप के जरिये प्रभावित कार मालिकों से संपर्क करेगी।
मूल कंपनी को 3.45% रॉयल्टी देगी एचयूएल
हिंदुस्तान यूनिलीवर लि. (एचयूएल) ने कहा कि वह अपनी मूल कंपनी यूनिलीवर पीएलसी को अगले तीन साल में कुल कारोबार का 3.45 फीसदी रॉयल्टी देगी। पहले यह 2.65 फीसदी होती थी। हालांकि, रॉयल्टी कारोबार के मूल्यांकन के आधार पर दी जाएगी। वहीं, एचयूएल के चेयरमैन नितिन परांजपे ने कहा, नया भारत बनाने में कंपनी अपनी भूमिका निभाती रहेगी। हालांकि, देश को रोजगार व कृषि उत्पादकता जैसी चुनौतियों से भी निपटना होगा।