स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने यस बैंक में 13 फीसदी हिस्सेदारी जापानी इकाई को बेचने का फैसला लिया है। 8889 करोड़ रुपये की इस डील के बाद बड़े बदलाव होंगे।
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने शुक्रवार को कहा कि उसके बोर्ड ने यस बैंक में 13.19 फीसदी हिस्सेदारी बेचने की मंजूरी दे दी है। यह हिस्सा जापान की सुमितोमो मित्सुई बैंकिंग कॉर्पोरेशन (एसएमबीसी) को 8,889 करोड़ रुपये में बेचा जाएगा। बैंक ने बताया कि केंद्रीय बोर्ड की कार्यकारी समिति (ईसीसीबी) की बैठक में यह फैसला लिया गया है। इस सौदे के तहत एसबीआई 413.44 करोड़ शेयर (यानी 13.19% हिस्सा) बेचेगा।
यह 21.50 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर बेचे जाएंगे। बीएसई पर दर्ज शेयरहोल्डिंग डाटा के मुताबिक, मार्च 2025 तक एसबीआई के पास यस बैंक में 24 फीसदी हिस्सेदारी थी। एसबीआई ने कहा कि यह सौदा तभी पूरा होगा, जब सभी नियामकीय और कानूनी मंजूरियां मिल जाएंगी। यह सौदा 12 महीनों के अंदर पूरा होने की उम्मीद है।