भारत के प्रसिद्ध पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने भले ही क्रिकेट को अलविदा कह दिया हो, लेकिन आज भी वो कई विज्ञापन समेत कई अन्य तरीकों से कमाई कर रहे हैं। तेंदुलकर ने डिजिटल मनोरंजन और प्रौद्योगिकी कंपनी जेटसिंथेसिस में 20 लाख डॉलर यानी करीब 14.8 करोड़ रुपये का निवेश किया है। जेटसिंथेसिस के शेयरधारकों में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला और क्रिस गोपालकृष्णन भी शामिल हैं। पुणे की इस कंपनी के भारत के अलावा जापान, ब्रिटेन, यूरोपीय संघ, अमेरिका में कार्यालय हैं।
जेटसिंथेसिस के साथ पांच साल पुराना है तेंदुलकर का संबंध
इस संदर्भ में तेंदुलकर ने कहा कि, 'जेटसिंथेसिस के साथ उनके संबंध करीब पांच साल पुराने हैं।' दोनों ने सचिन सागा क्रिकेट चैंपियंस से अपना सफर शुरू किया और इसे खास वर्चुअल रियलिटी क्रिकेट के अनुभव के साथ मजबूत भी किया।' यह सबसे लोकप्रिय गेम में से एक है और इसे दो करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है।'
ऑनलाइन गेमिंग को डाइवर्सिफाई करेगी कंपनी
साथ ही सचिन सागा वीआर और 100MB के लिए भी कंपनी ने सचिन से हाथ मिलाया था। कंपनी इस निवेश से ऑनलाइन गेमिंग को डाइवर्सिफाई करेगी। इसमें क्रॉस कैटेगरी डिजिटल उत्पादों और प्लेटफॉर्म्स को शामिल किया जा रहा है। जेटसिंथेसिस के वाइस चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर राजन नवानी ने कहा कि सचिन सागा क्रिकेट चैंपियंस का हर दिन का यूजर बेस पिछले 12 महीने में दोगुना हुआ है। इंडियन गेमिंग में तेजी की काफी संभावनाएं हैं।
आलीशान घर में रहते हैं तेंदुलकर
एक रिपोर्ट के अनुसार, वो अलग-अलग विज्ञापन के जरिए हर साल लगभग 18 करोड़ रुपये तक कमाते हैं। सचिन तेंदुलकर एक आलीशान घर में रहते हैं, जो मुंबई के बांद्रा में स्थित है। साल 2007 में इस बंगले को उन्होंने 39 करोड़ रुपये में खरीदा था। वहीं मौजूदा समय में इस घर की कीमत लगभग 100 करोड़ रुपये बताई जाती है। इसके अलावा सचिन के पास बांद्रा के कुर्ला कॉम्पलेक्स में एक फ्लैट भी है। इसकी कीमत लगभग छह से आठ करोड़ रुपये है। मुंबई के अलावा केरल में भी मास्टर ब्लास्टर का एक घर है, जो कि वाटर फेसिंग है। इस घर की कीमत लगभग 78 करोड़ रुपये है। कई मौकों पर सचिन अपने परिवार संग इस घर में जाते हैं।