फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Business: खुदरा निवेशकों की बाजार में बढ़ी ताकत, डॉलर की तुलना में रुपया 14 पैसे कमजोर, पढ़ें व्यापार की खबरें

Fri, 17 Nov 2023 06:36 AM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

डॉलर के मुकाबले रुपया बृहस्पतिवार को 14 पैसे कमजोर होकर 83.23 पर बंद हुआ। डॉलर में मजबूती और विदेशी पूंजी निकासी से रुपये में गिरावट आई। हालांकि, कच्चे तेल में नरमी से रुपये में गिरावट पर अंकुश लगा। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में घरेलू मुद्रा कमजोरी के साथ 83.13 पर खुली। 
 
विज्ञापन
व्यापार समाचार - फोटो : Social Media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शेयर बाजार में खुदरा निवेशक जमकर दांव लगा रहे हैं। सितंबर तिमाही में इन्होंने केवल 10 शेयरों में ही 62,100 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इस दौरान विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 44,112 करोड़ का ही निवेश किया है। विदेशी निवेशकों ने सितंबर तिमाही में निवेश की रफ्तार घटा दी है। जुलाई में 46,618 करोड़ और अगस्त में 12,262 करोड़ की खरीदी के बाद इन निवेशकों ने सितंबर में 14,768 करोड़ के शेयर बेचे हैं।
विज्ञापन


आंकड़ों के अनुसार, खुदरा निवेशकों ने 62,100 करोड़ में से अकेले 75 फीसदी यानी 46,541 करोड़ एचडीएफसी बैंक के शेयरों में लगा दिया है। इस दौरान निवेशकों ने बैंक के 29 करोड़ शेयरों की खरीदी की है। दूसरे स्थान पर रिलायंस इंडस्ट्रीज है। इसमें खुदरा निवेशकों ने 3,560 करोड़ निवेश किया है। एक साल पहले इन निवेशकों के पास रिलायंस के 50 करोड़ शेयर थे, जो इस सितंबर तिमाही में 52 करोड़ हो गए हैं। खुदरा निवेशकों ने ज्यादातर निवेश लार्ज कैप में किए हैं। ऑटो क्षेत्र में आयशर मोटर्स व टाटा मोटर्स में इनका निवेश ज्यादा रहा है। टाटा मोटर्स में 950 करोड़ और आयशर में 744 करोड़ के शेयर इन निवेशकों ने खरीदे हैं। पांचवें स्थान पर आईटीसी है, जिसमें 1,000 करोड़ का निवेश है। इसके 140 करोड़ शेयर खुदरा निवेशकों के पास हैं, जो एक साल पहले 138 करोड़ था।

बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का पूंजीकरण 325 लाख करोड़ रुपये है। इसमें से 60 लाख करोड़ रुपये खुदरा निवेशकों का है। इस साल में इन निवेशकों ने 28 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है। एनएसई के एमडी आशीष कुमार चौहान ने कहा, हर पिनकोड से निवेशक बाजार में आ रहे हैं। सिर्फ 33 पिनकोड (0.15%) ही ऐसे हैं, जहां से निवेशक नहीं आ रहे हैं।
विज्ञापन


लाख करोड़ हो गई बाजार पूंजी 1.65 लाख करोड़ रुपये बढ़कर
घरेलू शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही। सेंसेक्स करीब 307 अंक चढ़कर 66,000 के करीब पहुंच गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों के पूंजी प्रवाह के बीच आईटी और टिकाऊ उपभोक्ता सामान बनाने वाली कंपनियों में लिवाली से बाजार में तेजी आई। सेंसेक्स 306.55 अंक चढ़कर 65,982.48 पर बंद हुआ। दिन में यह 66,000 के पार चला गया था। निफ्टी 89.75 अंक की बढ़त के साथ 19,765.20 पर बंद हुआ। निवेशकों की पूंजी 1.65 लाख करोड़ बढ़कर 327.05 लाख करोड़ पहुंच गई। 21 कंपनियों के शेयर लाभ में रहे।

डॉलर की तुलना में रुपया 14 पैसे कमजोर
डॉलर के मुकाबले रुपया बृहस्पतिवार को 14 पैसे कमजोर होकर 83.23 पर बंद हुआ। डॉलर में मजबूती और विदेशी पूंजी निकासी से रुपये में गिरावट आई। हालांकि, कच्चे तेल में नरमी से रुपये में गिरावट पर अंकुश लगा। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में घरेलू मुद्रा कमजोरी के साथ 83.13 पर खुली। 

चालू वित्त वर्ष में पूरी नहीं होगी आईडीबीआई बैंक में हिस्सा बेचने की प्रक्रिया
आईडीबीआई बैंक में हिस्सेदारी बेचने की प्रक्रिया चालू वित्त वर्ष में पूरी होने की संभावना नहीं है। निवेश एवं लोक संपत्ति प्रबंधन विभाग के सचिव तुहिन कांत पांडेय ने बृहस्पतिवार को कहा, यह रणनीतिक बिक्री कार्यक्रम उचित राह पर है, लेकिन अभी आरबीआई के उपयुक्त एवं उचित मानदंड जैसे कुछ पहलुओं को पूरा करने की जरूरत है। पांडेय ने फिक्की के एक कार्यक्रम में कहा, हमें व्यावहारिक रूप से नहीं लगता कि मार्च से पहले हम इसे (आईडीबीआई बैंक की हिस्सेदारी बिक्री) पूरा कर पाएंगे। सरकार के पास आईडीबीआई बैंक की 45 फीसदी से अधिक हिस्सेदारी है। इसके अलावा, जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के पास बैंक की 49.24 फीसदी हिस्सेदारी है। 

1.26 करोड़ ग्राहकों ने पोर्ट कराया मोबाइल नंबर: ट्राई
अगस्त में 1.26 करोड़ ग्राहकों ने मोबाइल नंबर पोर्ट कराया है। ट्राई के मुताबिक, अब तक कुल 87 करोड़ से ज्यादा ग्राहकों ने अपने मोबाइल नंबर पोर्ट कराए हैं। नियामक के मुताबिक, जियो ने अगस्त में 32.4 लाख नए ग्राहक जोड़े हैं। जुलाई में इसने 39 लाख ग्राहक जोड़े थे। इसके वायरलेस ग्राहकों की संख्या 44.57 करोड़ हो गई है। एयरटेल ने 12.17 लाख ग्राहक जोड़े, जिससे कंपनी के 37.64 करोड़ ग्राहक हो गए। वोडाफोन आइडिया के ग्राहकों की संख्या 49,782 घट गई। 

टाटा टेक के शेयर का भाव 475-500 रुपये
टाटा टेक का आईपीओ 22 नवंबर को खुलकर 24 को बंद होगा। 3,042 करोड़ रुपये जुटाने के लिए कंपनी ने 475 से 500 रुपये भाव तय किया है। यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल है। यानी सारा पैसा प्रमोटरों, टाटा मोटर्स और निवेशकों के पास जाएगा। 

ईशा अंबानी को निदेशक बनाए जाने की मंजूरी
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने बृहस्पतिवार को कहा, आरबीआई ने ईशा अंबानी और दो अन्य लोगों अंशुमान ठाकुर व हितेश कुमार सेठिया को कंपनी का निदेशक बनाए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय बैंक ने 15 नवंबर को जारी पत्र में अपनी स्वीकृति दी है। 

अक्तूबर में 11 फीसदी बढ़े हवाई यात्री
देश में हवाई यात्रियों की संख्या अक्तूबर में 11 फीसदी बढ़कर 1.26 करोड़ हो गई है। इंडिगो की 79 लाख यात्रियों के साथ 62.6 फीसदी हिस्सेदारी रही। एअर इंडिया की बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 10.5 फीसदी पहुंच गई है। 

मणापुरम फाइनेंस व एक्सिस बैंक पर 1.33 करोड़ जुर्माना
आरबीआई ने नियमों के उल्लंघन मामले में एक्सिस बैंक पर 90.92 लाख और मणापुरम फाइनेंस पर 42.78 लाख का जुर्माना लगाया है। केंद्रीय बैंक ने बृहस्पतिवार को कहा, इन दोनों संस्थानों ने केवाईसी, कर्ज से संबंधित नियमों और अन्य दिशानिर्देशों का पालन नहीं किया। इसके बाद दोनों पर जुर्माना लगाने का फैसला किया गया। इसके साथ ही आनंद राठी ग्लोबल फाइनेंस पर 20 लाख रुपये का दंड लगाया गया है। इस कंपनी ने भी केवाईसी नियमों का पालन नहीं किया था। 

केंद्र ने 2.84 लाख टन गेहूं व 5,830 टन चावल बेचा
खुदरा कीमतों को काबू में रखने के प्रयासों के तहत सरकार ने बफर स्टॉक से 2.84 लाख टन गेहूं और 5,830 टन चावल बेचा है।
खाद्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा, 21वीं ई-नीलामी 15 नवंबर को आयोजित की गई थी। इसमें खुला बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) घरेलू के तहत तीन लाख टन गेहूं व 1.79 लाख टन चावल की पेशकश की गई थी। 2,334 बोलीदाताओं को 5,830 टन चावल के साथ 2.84 लाख टन गेहूं बेचा गया। मंत्रालय ने कहा कि पूरे देश में 2,150 रुपये प्रति क्विंटल के आरक्षित मूल्य के मुकाबले उचित औसत गुणवत्ता (एफएक्यू) वाले गेहूं के लिए भारित औसत बिक्री मूल्य 2,246.86 रुपये प्रति क्विंटल था। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें