भारत में 5जी नेटवर्क में 85 फीसदी हिस्सेदारी जियो की है। रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी ने कहा कि उनकी कंपनी हर 10 सेकंड में एक 5जी सेल तैनात करने की क्षमता रखती है। जियो ने दिसंबर की तय समय सीमा से पहले देश में 5जी नेटवर्क का विस्तार कर दिया है। आकाश अंबानी ने कहा, मुझे ‘ट्रू 5जी रोल-आउट’ की हमारी गति पर काफी गर्व है। आज हमने दिसंबर 2023 की अपनी तय समय सीमा से पहले पूरे देश में मजबूत ट्रू 5जी नेटवर्क का विस्तार किया है। दूरसंचार विभाग के अनुसार, देश भर में 5जी के लिए 3.38 लाख से अधिक बेस स्टेशन तैनात किए गए हैं। ऊकला की ओर से जियो को कुल नौ पुरस्कार विभिन्न श्रेणियों में मिले हैं।
राणा कपूर के बैंक और म्यूचुअल फंड खातों से हटेगी रोक
सेबी ने यस बैंक के पूर्व सीईओ राणा कपूर के बैंक खातों के साथ-साथ शेयर और म्यूचुअल फंड खाते पर लगी रोक हटाने का आदेश दे दिया है। सेबी ने कपूर को यस बैंक के अतिरिक्त टियर-1 (एटी1) बॉन्ड को गलत तरीके से बेचने के मामले में ब्याज और वसूली लागत समेत कुल 2.22 करोड़ रुपये का नोटिस भेजा था।
एक्सिस बैंक को 5,864 करोड़ रुपये का फायदा
एक्सिस बैंक को सितंबर तिमाही में 5,864 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। एक साल पहले की समान तिमाही के 5,330 करोड़ की तुलना में यह 10 फीसदी अधिक है। बैंक ने बुधवार को वित्तीय परिणाम जारी करने के बाद बताया कि उसकी कुल आय 31,660 करोड़ रुपये रही है। शुद्ध ब्याज आय 19 फीसदी बढ़कर 12,315 करोड़ रुपये रही है।
आयातित कोयले के संयंत्र जून तक चलेंगे
भारत ने आयातित कोयले का उपयोग करने वाले बिजली संयंत्रों के संचालन को आठ महीने के लिए जून तक बढ़ा दिया है। इसका कारण बिजली की ज्यादा खपत और खराब आपूर्ति से ईंधन का भंडार कम हो गया है। सरकारी आदेश में कहा गया है कि लगभग 17 गीगावाट क्षमता वाले ऐसे संयंत्रों को संचालन करना होगा।