फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Reliance AGM: मुकेश अंबानी बोले- भारत विकास का प्रकाश स्तंभ; व्हॉट्सएप पर भी होगा जियोमार्ट, पढ़ें खास बातें

Tue, 30 Aug 2022 11:34 AM IST
विवेक दास बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Reliance AGM: रिलायंस इंडस्ट्रीज की एजीएम में मुकेश अंबानी ने कहा, ‘कंपनी हर महीने देश में 5जी सेवाओं का विस्तार करेगी। ऐसा करते हुए कंपनी दिसंबर 2023 तक देश के हर कस्बे, हर तालुका और तहसील तक जियो 5जी सेवाएं मुहैया कराने लगेगी।

विज्ञापन
reliance agm 2022 - फोटो : amarujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुखिया मुकेश अंबानी ने कंपनी की 45वीं एजीएम के दौरान कहा है कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के दौर में भारत विकास के प्रकाश स्तंभ के तौर पर उभरा है। अंबानी ने देश के प्रधानमंत्री की ओर से बताए गए पांच प्रण का हवाला देते हुए कहा कि ये प्रण देश को विकसित देशों की श्रेणी में लाकर खड़ा करेंगे। 

विज्ञापन


एजीएम में अंबानी ने सरकार के कामकाज को सराहा

एजीएम के दौरान अंबानी ने केंद्र सरकार के कामकाज की तारीफ करते हुए कहा कि काेरोना से निपटने के लिए सरकार ने सराहनीय कार्य किया। देश की आर्थिक चुनौतियों से निपटने की पूरी तैयारी की गई यही कारण है कि वैश्विक मंदी की आशंका के दौर में भी भारत मजबूती के साथ खड़ा है। 

रिलायंस के एजीएम के दौरान दिवाली के मौके पर देश में 5जी सेवाओं की लॉन्चिंग पर भी बड़ा एलान किया गया। मुकेश अंबानी ने रिलायंस एजीएम के दौरान कहा है कि इस बार दिवाली पर कंपनी देश के मेट्रो शहरों दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई समेत कई अन्य शहरो में जियो 5जी सेवाएं लॉन्च कर देगी।

दिसंबर 2023 तक पूरे देश में शुरू हो जाएंगी 5जी सेवाएं 

रिलायंस इंडस्ट्रीज की एजीएम में मुकेश अंबानी ने कहा, ‘कंपनी हर महीने देश में 5जी सेवाओं का विस्तार करेगी। ऐसा करते हुए कंपनी दिसंबर 2023 तक देश के हर कस्बे, हर तालुका और तहसील तक जियो 5जी सेवाएं मुहैया कराने लगेगी। अंबानी ने कहा है कि हमने देश में एंड टू एंड 5जी स्टैक सर्विस विकसित की है, जो क्वांटन सिक्योरिटी जैसे आधुनिक फीचर्स सपोर्ट से लैस है। इससे देश में क्लाउड कंप्यूटिंग की एक नए दौर की शुरुआत होगी। मुकेश अंबानी ने कहा कि हमारे 2000 से अधिक युवा इंजीनियरों ने इसे तीन साल की कड़ी मेहनत से तैयार किया है। 

अंबानी बोले- प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया का सपना सच करेंगे

कार्यक्रम के दौरान मुकेश अंबानी ने यह भी कहा कि हम प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। मुकेश अंबानी ने कहा, ‘दुनिया की अग्रणी तकनीकी कंपनियों ने 'मेड इन इंडिया' के तहत 5जी की तकनीक को विकसित करने में सहयोग किया है। मेटा (फेसबुक), गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, एरिक्शन, नोकिया, सैमसंग और सिस्को जैसी कंपनियों की भागीदारी को लेकर हम गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। अंबानी ने इस दौरान क्वालकॉम के साथ साझेदारी की भी घोषणा की। 

रिलायंस गूगल के साथ मिलकर लॉन्च करेगी सस्ता स्मार्टफोनः आकाश अंबानी

एजीएम के दौरान मुकेश अंबानी के बेटे और रिलायंस जियो के मुखिया आकाश अंबानी ने कहा कि कंपनी भारतीय बाजार में बेहत किफायती 5जी फोन लाने के लिए गूगल के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होने कहा कि भारत में 5जी का आगाज होने पर देश की 80 करोड़ इंटरनेट यूजर्स की संख्या एक साल में ही 150 करोड़ हो जाएगी।

विज्ञापन


जियो एयर फाइबर पर भी बड़ा एलान 

एजीएम के दौरान आरआईएल के प्रसिडेंट किरण थॉमस ने कहा कि जियो एयर फाइबर के इस्तेमाल से ग्राहक एक वर्चुअल पीसी- जिसका नाम जियो क्लाउड पीसी होगा उसका इस्तेमाल कर पाएंगे। इसके लिए किसी अतिरिक्त निवेश या अपग्रेडेशन की जरूरत नहीं होगी। इसके तहत हर भारतीय एक वर्चुअल पीसी का इस्तेमाल करने में सक्षम होंगे।    

विज्ञापन

अंबानी परिवार - फोटो : amarujala.com

ईशा अंबानी बोलीं– इस वर्ष एफएमसीजी सेक्टर में उतरेगी रिलायंस रिटेल

रिलायंस इंडस्ट्रीज की रिटेल इकाई रिलायंस रिटेल इस साल एफएमसीजी के कारोबार में कदम रखेगी। रिलायंस के 45वें एजीएम के दौरान ईशा अंबानी ने इस बारे में बताया। ईशा ने कहा, ‘मुझे यह एलान करते हुए खुशी हो रही है कि इस वर्ष रिलायंस रिटेल एमएपसीजी के कारोबार में कदम रखने जा रही है। इस बिजनेस का मकसद हर भारतीय के रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना और बेहतर क्वालिटी वाले प्रोडक्ट मुहैया कराना है। इस सेगमेंट में रिलायंस रिटेल का मुकाबला हिंदुस्तान यूनिलीवर, नेस्ले, पारले और ब्रिटानिया जैसी कंपनियों के साथ होगा। ईशा अंबानी ने अपने प्रेजेंटेशन के दौरान बताया कि प्रौद्योगिकी कंपनी मेटा और जियो प्लेटफॉर्म्स ने जियोमार्ट को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हॉट्सएप पर शुरू करने के लिए हाथ मिलाया है। इस साझेदारी से रिलायंस रिटेल के ग्राहक व्हॉट्सएप पर किराना सामान का ऑर्डर कर सकेंगे।

मुकेश अंबानी ने ईशा का परिचय खुदरा कारोबार के प्रमुख के रूप में कराया 

रिलायंस समूह के प्रमुख मुकेश अंबानी ने सोमवार को अपनी पुत्री ईशा का परिचय समूह के खुदरा कारोबार के मुखिया के तौर पर कराते हुए अपने उत्तराधिकार योजना के संकेत भी दे दिए हैं। पूर्व में अंबानी अपने बेटे आकाश को समूह की दूरसंचार इकाई रिलायंस जियो का चेयरमैन नामित कर चुके हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) की 45वीं सालाना आमसभा (एजीएम) में अंबानी ने ईशा का परिचय खुदरा कारोबार के अगुवा के तौर पर कराया। 

ईशा ने व्हॉट्सएप पर किराना का ऑर्डर करने की सेवा के बारे में बताया 

ईशा ने व्हॉट्सएप का इस्तेमाल कर ऑनलाइन किराना ऑर्डर करने और ऑनलाइन भुगतान करने से संबंधित एक प्रस्तुति भी दी। 65 वर्षीय मुकेश अंबानी की तीन संतानें हैं। ईशा और आकाश दोनों जुड़वां भाई-बहन हैं जबकि सबसे छोटे अनंत हैं। ईशा की शादी पीरामल समूह के आनंद पीरामल से हुई है।

ऑनलाइन ग्रोसरी खरीदने वालों को मिलेगा नया अनुभव 

कंपनी की ओर से जारी बयान के मुताबिक व्हॉट्सएप पर जियोमार्ट ऑनलाइन खरीदारी करने वालों को जियोमार्ट की किराने की सूची से जोड़ेगा। ग्राहकों को सूचीबद्ध वस्तुओं को ‘कार्ट’ में डालकर भुगतान करने की सुविधा मिलेगी। 

मार्क जुकरबर्ग बोले- रिलायंस के साथ साझेदारी कर हूं उत्साहित

रिलायंस इंडस्ट्रीज की 45वीं आमसभा (एजीएम) की बैठक में ईशा अंबानी ने व्हॉट्सएप का उपयोग करके ऑनलाइन किराना ऑर्डर देने और भुगतान करने पर एक प्रस्तुति दी। मेटा के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी मार्क जुकरबर्ग ने फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘भारत में जियोमार्ट के साथ अपनी साझेदारी शुरू करने के लिए उत्साहित हूं। जुकरबर्ग ने कहा कि यह व्हॉट्सएप पर हमारा पहला ‘एंड-टू-एंड शॉपिंग’ अनुभव है। इससे लोग अब चैट के माध्यम से सीधे जियोमार्ट से किराना सामान खरीद सकेंगे।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें