10,000 रुपये से अधिक क्रिप्टो भुगतान पर एक फीसदी टीडीएस
आयकर विभाग ने वर्चुअल डिजिटल संपत्तियों (वीडीए) पर कटने वाले टीडीएस को लेकर विस्तृत गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत क्रिप्टोकरेंसी ट्रांसफर की तारीख और भुगतान माध्यम के बारे में बताना जरूरी होगा। वित्त अधिनियम-2022 ने आयकर कानून में धारा 194एस को जोड़ा है। इसके तहत एक जुलाई से एक वर्ष में 10,000 रुपये से अधिक की वीडीए या क्रिप्टो के भुगतान पर एक फीसदी टीडीएस कटेगा।
नए प्रावधान को लागू करने के क्रम में केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड ने 21 जून को फॉर्म 26क्यूई और फॉर्म 16ई में टीडीएस रिटर्न देने के संबंध में आयकर नियमों में कुछ संशोधन किए गए हैं। अधिसचना में कहा गया है कि धारा 194एस के तहत जमा टीडीएस उस माह के अंत से 30 दिनों में जमा करना होगा। इस तरह कटा टैक्स चालान सहित फॉर्म 26क्यूई में जमा होगा।
आईसीआईसीआई ने एफडी पर ब्याज बढ़ाया
आईसीआईसीआई बैंक ने फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) पर ब्याज दरें बढ़ा दिया है। 2 करोड़ से कम के जमा पर 5 बीपीएस ज्यादा ब्याज मिलेगा। अब अलग-अलग समय के एफडी पर 2.75 से 5.75% तक का ब्याज मिलेगा। 7 से 10 दिन के लिए भी पैसा जमा कर सकते हैं। नई दर 22 जून से लागू हो गई है।
सोना 205 रुपये सस्ता चांदी 926 रुपये फिसली
वैश्विक बाजार में बहुमूल्य धातुओं में नरमी से बुधवार को दिल्ली सराफा बाजार में सोना 205 रुपये सस्ता होकर 50,487 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। चांदी भी 926 रुपये सस्ती होकर 59,959 रुपये प्रति किलोग्राम रही। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना कमजोरी के साथ 1,825 डॉलर प्रति औंस रहा।
हवाई यात्रियों की संख्या में 5 गुना वृद्धि
घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या मई में सालाना आधार पर 5 गुना बढ़कर 1.20 करोड़ पहुंच गई। पिछले साल मई में केवल 21 लाख लोगों ने यात्रा की थी। 1.20 करोड़ में इंडिगो के यात्रियों की संख्या 70 लाख व बाजार हिस्सेदारी 57.9 फीसदी थी। एअर इंडिया के यात्रियों की संख्या 8.23 लाख थी।
सेबी का फ्यूचर को पांच लाख का नोटिस
सेबी ने फ्यूचर एंटरप्राइजेज को 5 लाख रुपये भरने का नोटिस भेजा है। अमेजन द्वारा कंपनी के खिलाफ मध्यस्थता प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी न देने के मामले में यह नोटिस दिया गया है। 5 लाख न देने पर कंपनी की संपत्ति और बैंक खातों को जब्त करने की चेतावनी दी गई है।