ब्रिटेन की विपक्षी लेबर पार्टी ने दावा किया है कि भारतीय कंपनी इन्फोसिस को पीएम सुनक से नजदीकी के कारण 'वीआईपी एक्सेस' दी गई। एक मीडिया रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि सॉफ्टवेयर सेवा प्रदाता कंपनी से प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के साथ पारिवारिक संबंध के कारण ब्रिटेन में विस्तार करने में मदद का वादा किया गया था।
सूचना की स्वतंत्रता (एफओआई) अनुरोध पर आधारित संडे मिरर की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि व्यापार मंत्री लॉर्ड डोमिनिक जॉनसन ने पिछले अप्रैल में बेंगलुरु में कंपनी के कार्यालय में एक बैठक के दौरान इंफोसिस के यूके संचालन पर चर्चा की थी। बैठक के बारे में जारी एक बयान में कथित तौर पर कहा गया है कि लॉर्ड जॉनसन ने स्पष्ट कर दिया कि वह ब्रिटेन में इंफोसिस की बड़ी उपस्थिति देखने के इच्छुक हैं और इसके लिए जो कुछ भी हो सकता है, वह करने में उन्हें खुशी होगी।
लेबर के पार्टी के शैडो मिनिस्टर जोनाथन एशवर्थ ने अखबार को बताया, "टोरीज ने करदाताओं की नकदी में से अरबों व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण के तहत करीबियों को सौंप दिया, जनता को आश्चर्य होगा कि ऋषि सुनक के इतने व्यक्तिगत रूप से करीबी एक संगठन को यह वीआईपी पहुंच क्यों दी गई है।" ये गंभीर सवाल हैं जिनके जवाब दिए जाने चाहिए। सुनक की पत्नी अक्षता मूर्ति की आईटी कारोबार में 0.91 फीसदी हिस्सेदारी है जिसकी कीमत करीब 50 करोड़ पौंड है और पिछले वित्त वर्ष में उन्हें लाखों का लाभांश मिला है।
राशन घोटाले में तृणमूल नेता गिरफ्तारः ईडी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को बताया कि तृणमूल कांग्रेस के नेता शंकर आध्या को पश्चिम बंगाल में करोड़ों रुपये के कथित राशन घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। उनपर दुबई स्थित एक कंपनी के खाते में धन के गबन का आरोप है।
ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बनगांव नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन अध्या भारत-बांग्लादेश सीमा पर पेट्रापोल इलाके में एक फॉरेन एक्सचेंज कंपनी के मालिक हैं और उनके रिश्तेदार भी ऐसी करीब 90 कंपनियां चला रहे हैं, जिनका इस्तेमाल देश के बाहर धन की हेराफेरी के लिए किया जाता था। तृणमूल कांग्रेस नेता ने दुबई में एक कंपनी भी खोली थी, जो घोटाले के एक अन्य आरोपी बाकीबुर रहमान की मदद से पंजीकृत करायी गई थी और यह कंपनी शंकर आध्या बेटे के नाम पर पंजीकृत थी। रहमान को अक्तूबर 2023 में गिरफ्तार किया गया था।
जी के साथ मर्जर मामले में सिंगापुर की अदालत से सोनी को झटका
जी के साथ मर्जर मामले में सोनी को सिंगापुर की अदालत से झटका लगा है। सिंगापुर मध्यस्थता केंद्र (एसआईएसी) ने जी को एनसीएलटी में जाने से रोकने की सोनी की याचिका को रविवार को खारिज कर दिया था। सोनी ने सोमवार को कहा कि वह सिंगापुर मध्यस्थता केंद्र (SIAC) के फैसले से ‘‘निराश’’ है। जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (जील) और जापान के सोनी समूह की भारतीय शाखा के बीच विलय के लिए एक समझौता हुआ था, जिसे सोनी ने देरी और कुछ अन्य कारणों के चलते समाप्त कर दिया। सोनी ने आरोप लगाया कि जील ने समझौते की शर्तों को पूरा नहीं किया। जील ने इस फैसले के खिलाफ राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) में याचिका दायर की है।
रूस से कच्चा तेल आयात 12 माह के निचले स्तर पर, बनी रहेगी मांग
रूस से भारत का कच्चा तेल आयात जनवरी में लगातार दूसरे महीने गिरकर 12 माह के निचले स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, लंबे समय की मांग अब भी बरकरार है। जनवरी में भारत ने रोजाना 12 लाख बैरल कच्चे तेल का आयात किया। दिसंबर में 13.2 लाख बैरल और नवंबर 2023 में 16.2 लाख बैरल आयाता हुआ था। रूस से तेल आयात में गिरावट आई क्योंकि तेल पर मिल रही छूट कम हो गई। साथ ही, इराक से ज्यादा आयात किया गया। जनवरी में इराक से 11 लाख बैरल प्रतिदिन आयात हुआ जो दिसंबर में 9.85 लाख बैरल था। आंकड़ों के अनुसार, रूस अब भी भारत का शीर्ष तेल आपूर्तिकर्ता बना हुआ है। भारत ने दिसंबर 2021 में रूस से सिर्फ 36,255 बैरल प्रति दिन कच्चे तेल का आयात किया। इराक से 10.5 लाख बैरल प्रति दिन और सऊदी अरब से 952,625 बैरल प्रति दिन आयात किया। रूस से आयात पिछले साल जून में 21 लाख बैरल प्रति दिन के सार्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था, जो भारत के आयातित कुल तेल का करीब 40 प्रतिशत है।
आरबीआई की बैठक कल से, कर्ज सस्ता होने की उम्मीद कम
भारतीय रिजर्व बैंक मंगलववार से द्विमासिक मौद्रिक नीति की बैठक शुरू करेगा। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास के नेतृत्व में इसका फैसला आठ फरवरी को आएगा। हालांकि, कर्ज सस्ते होने की उम्मीद कम है। आरबीआई ने लगभग एक साल से रेपो रेट को 6.5 फीसदी पर स्थिर रखा है। इसे आखिरी बार फरवरी 2023 में 6.25 फीसदी से बढ़ाकर 6.5 फीसदी किया गया था। खुदरा महंगाई जुलाई, 2023 में 7.44% के उच्चस्तर पर थी और उसके बाद इसमें गिरावट आई है। हालांकि, यह अब भी अधिक ही है।
एयरटेल का मुनाफा 54 फीसदी बढ़ा
भारती एयरटेल को दिसंबर तिमाही में 2,442.20 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। एक साल पहले की तुलना में यह 54 फीसदी अधिक है। कंपनी ने पिछले साल जनवरी में मोबाइल टैरिफ 56 फीसदी बढ़ा दिया था। प्रति ग्राहक कमाई बढ़कर 208 रुपये रही है। एक साल पहले 193 रुपये रही थी।
एशियन ग्रेनिटो की बिक्री 320 करोड़
एशियन ग्रेनिटो की बिक्री तीसरी तिमाही में बढ़कर 320 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है। इस दौरान 6.4 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ है। पिछले वर्ष की इसी अवधि में 10.2 करोड़ का घाटा हुआ था। तीसरी तिमाही में 55 करोड़ का निर्यात हुआ था। सालाना आधार पर आठ फीसदी की तेजी रही है।
एडवांटेज विदर्भ में 25 से ज्यादा एमओयू हुए
द एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट की ओर से आयोजित खासदार इंडस्ट्रियल महोत्सव-एडवांटेज विदर्भ में 25 से ज्यादा समझौते हुए हैं। 40 कारोबारी क्षेत्रों के 250 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। केंद्रीय मंत्री नारायण राणे, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस उपस्थित थे।