भारत के सबसे बड़े निजी बैंक ने शनिवार को अपने नतीजे जारी किए। वित्त वर्ष 25 के लिए अपने चौथी तिमाही के नतीजों का एलान करते हुए एचडीएफसी बैंक ने बताया है कि उसका लाभ 17,616 करोड़ रुपये रहा जो पिछले साल की तुलना में 6.7% अधिक है। इस दौरान बैंक की शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) पिछले साल की तुलना में 10.3% बढ़कर 32,070 करोड़ रुपये हो गई।
आईसीआईसीआई बैंक ने शनिवार को बताया कि मार्च तिमाही में उसका समेकित शुद्ध लाभ 15.7 प्रतिशत बढ़कर 13,502 करोड़ रुपये हो गया। एकल आधार पर, निजी क्षेत्र के दूसरे सबसे बड़े ऋणदाता का जनवरी-मार्च तिमाही में शुद्ध लाभ 18 प्रतिशत बढ़कर 12,630 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 10,708 करोड़ रुपये था।
निजी क्षेत्र के ऋणदाता यस बैंक ने शनिवार को मार्च तिमाही के नतीजे जारी किए। आंकड़ों के अनुसार बैंका का स्टैंडअलोन मुनाफा सालाना आधार पर 63.3% बढ़कर 738 करोड़ रुपये हो गया। बैंक की शुद्ध ब्याज आय (NII) साल दर साल आधार पर 5.7% बढ़कर 2,276.3 करोड़ रुपये हो गई। शुद्ध लाभ और एनआईआई- ये दोनों ही आंकड़े बाजार के अनुमानों से बेहतर रहे। तिमाही पर देखें तो, बैंक की ब्याज आय साल-दर-साल आधार पर 2.3% बढ़कर 7,616 करोड़ रुपये हो गई। बैंक का शुद्ध एनपीए (गैर-निष्पादित परिसंपत्ति) तिमाही आधार पर 0.5% से घटकर 0.3% हो गया। यस बैंक का सकल एनपीए क्रमिक रूप से 1.6% पर स्थिर रहा।