फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corporate Q3 Results: इंडिगो का मुनाफा 78% लुढ़का, BOI का प्रदर्शन स्थिर; जानिये दिग्गज कंपनियों का हाल

Thu, 22 Jan 2026 06:57 PM IST
कुमार विवेक बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Corporate Q3 Results: इंडिगो का मुनाफा 78% और बंधन बैंक का 51% गिरा, वहीं बैंक ऑफ इंडिया का प्रदर्शन स्थिर रहा है। तीसरी तिमाही में IIFL और उज्जीवन बैंक का प्रदर्शन ठीक रहा है। पढ़ें कंपनियों के तिमाही नतीजों का पूरा हाल।
विज्ञापन
भारतीय अर्थव्यवस्था। - फोटो : amarujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गुरुवार को जारी हुए कॉरपोरेट जगत के दिसंबर तिमाही (Q3 Results) के नतीजे मिले-जुले रहे। जहां देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो को परिचालन संबंधी बाधाओं और नए नियमों के चलते भारी नुकसान झेलना पड़ा, वहीं वित्तीय क्षेत्र की कंपनियों जैसे उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक और IIFL फाइनेंस ने मुनाफे में दमदार वृद्धि दर्ज की है। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ इंडिया ने भी स्थिर प्रदर्शन किया है, जबकि अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के मुनाफे में गिरावट आई है।

विज्ञापन


IndiGo: उड़ान सेवाओं में बाधा से लगा गहरा धक्का 
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो का शुद्ध लाभ दिसंबर तिमाही में 78 प्रतिशत गिरकर 549.1 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में 2,448.8 करोड़ रुपये था। कंपनी को उड़ानों में हुई भारी बाधाओं के कारण 577.2 करोड़ रुपये और नए श्रम कानूनों (Labour Code) के कार्यान्वयन के चलते 969.3 करोड़ रुपये का वित्तीय प्रभाव झेलना पड़ा। डीजीसीए द्वारा लगाए गए 22.2 करोड़ रुपये के जुर्माने को भी कंपनी ने 'एक्सेप्शनल आइटम्स' में शामिल किया है। हालांकि, इन चुनौतियों के बावजूद कंपनी की कुल आय बढ़कर 24,540.6 करोड़ रुपये हो गई।

Bank of India: मुनाफे में 7% की वृद्धि
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ इंडिया ने दिसंबर तिमाही में शुद्ध लाभ में 7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की, जो बढ़कर 2,705 करोड़ रुपये हो गया। बैंक की इस वृद्धि में नॉन-कोर इनकम का बड़ा योगदान रहा। इसके साथ ही, 14 प्रतिशत की लोन ग्रोथ के दम पर बैंक की कोर नेट इंटरेस्ट इनकम 6 प्रतिशत बढ़कर 6,461 करोड़ रुपये हो गई। नतीजों के बाद बैंक के शेयरों में 5 प्रतिशत से अधिक की तेजी देखी गई।
विज्ञापन


Adani Energy Solutions: टैक्स खर्च बढ़ने से फिसला मुनाफा
अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (AESL) का समेकित शुद्ध लाभ 8 प्रतिशत से अधिक गिरकर 574.06 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी के मुताबिक, मुनाफे में कमी का मुख्य कारण उच्च कर व्यय (Higher Tax Expenses) है। कंपनी ने कुल टैक्स खर्च के लिए 226.17 करोड़ रुपये का प्रावधान किया, जबकि पिछले साल उसे टैक्स क्रेडिट मिला था। हालांकि, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन बिजनेस से राजस्व बढ़ने के कारण कंपनी की कुल आय बढ़कर 6,944.44 करोड़ रुपये हो गई।

Bandhan Bank: मुनाफे में 51% की बड़ी गिरावट 
बंधन बैंक के लिए तीसरी तिमाही निराशाजनक रही। बैंक का शुद्ध लाभ 51.7 प्रतिशत गिरकर 205.59 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 426.29 करोड़ रुपये था। मुनाफे में इस गिरावट का मुख्य कारण कम आय और बढ़ता खर्च बताया गया है। बैंक की कुल आय गिरकर 6,122 करोड़ रुपये रह गई, जबकि व्यय बढ़कर 4,677 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि, बैंक के लिए राहत की बात यह रही कि सकल एनपीए (Gross NPAs) सुधरकर 3.33 प्रतिशत पर आ गया है।

Ujjivan Small Finance Bank: रिकॉर्ड ब्याज आय से 71% बढ़ा मुनाफा 
उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शुद्ध लाभ में 71 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की, जो बढ़कर 186 करोड़ रुपये हो गया। बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) अब तक के सर्वोच्च स्तर 1,000 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो सालाना आधार पर 12.8 प्रतिशत अधिक है। बैंक के एमडी और सीईओ संजीव नौटियाल ने बताया कि सभी सुरक्षित और असुरक्षित उत्पादों में अच्छे प्रदर्शन के कारण ग्रॉस लोन बुक 21.6 प्रतिशत बढ़कर 37,057 करोड़ रुपये हो गई है।

IIFL Finance: मुनाफा कई गुना बढ़ा, लेकिन शेयर 13% टूटा 
गोल्ड लोन एनबीएफसी IIFL फाइनेंस का शुद्ध लाभ कई गुना बढ़कर 501 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल महज 82 करोड़ रुपये था। कंपनी का गोल्ड लोन एयूएम (AUM) लगभग तीन गुना होकर 43,432 करोड़ रुपये हो गया है। हालांकि, शानदार नतीजों के बावजूद आयकर विभाग द्वारा 'स्पेशल ऑडिटर' नियुक्त करने के निर्देश के बाद कंपनी का शेयर 13.15 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह निर्देश चल रही आकलन कार्यवाही से संबंधित है और प्रक्रियात्मक है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें