प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छोटे किसानों, व्यापारियों और स्व-रोजगार करने वालों के लिए पेंशन योजना की गुरुवार को झारखंड के रांची से शुरुआत कर दी है। किसानों के लिए पीएम किसान मान धन योजना की शुरुआत करते हुए मोदी ने लोगों से कहा कि वो इस योजना का लाभ लेने के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में पंजीकरण करवाएं। इस योजना के तहत 60 साल पूरे करने वाले किसानों को हर माह तीन हजार रुपये की पेंशन मिलेगी।
केंद्र सरकार ने पीएम-किसान सम्मान योजना भी चला रखी है, जिसके तहत किसानों को एक साल में तीन किस्तों में कुल छह हजार रुपये मिलेंगे। इसका नोटिफिकेशन आठ जून को जारी किया था। कैबिनेट की पहली बैठक में इस बारे में फैसला लिया गया था। इस बैठक में किसानों के अलावा छोटे व्यापारी और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों को तीन हजार रुपये की पेंशन देने का भी फैसला लिया गया था।
इस योजना का लाभ जिन लोगों को नहीं मिल सकेगा उनमें संस्थागत भूमि धारक, संवैधानिक पद संभालने वाले किसान परिवार, राज्य / केंद्र सरकार के साथ-साथ पीएसयू और सरकारी स्वायत्त निकायों के सेवारत या सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं।
संशोधित योजना के तहत वित्त वर्ष 2019-20 में इस पर अनुमानित रूप से 87,217.50 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। साथ ही इसके दायरे में दो करोड़ और किसानों को लाया जाएगा। केंद्र ने राज्य सरकारों को 'मौजूदा भूमि स्वामित्व प्रणाली' का उपयोग करने के लिए कहा है ताकि लाभार्थियों की पहचान की जा सके और पीएम-किसान पोर्टल पर परिवार के विवरण अपलोड होने के बाद लाभ का अंतरण किया जा सके।