केंद्र सरकार ने लोगों की सुविधा के लिए एक देश-एक कार्ड को लांच किया है। इस कार्ड की मदद से नागरिक देश में स्थित किसी भी सार्वजनिक यातायात प्रणाली (सिटी बस व मेट्रो) में सफर कर सकेंगे।
नौ बैंकों के साथ की है साझेदारी
इस कार्ड को नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) ने भारत इलेक्ट्रोनिक, सीडैक और शहरी विकास मंत्रालय के साथ मिलकर लांच किया है। नौ बैंकों ने इसके लिए फिलहाल करार किया है। पीएम मोदी ने गुजरात के अहमदाबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि नेशनल कॉमन मोबेलिटी कार्ड से आप पैसे भी निकाल पाएंगे, शॉपिंग कर पाएंगे और किसी भी मेट्रो या ट्रांसपोर्ट के अन्य साधन में भी वही कार्ड इस्तेमाल हो जाएगा।
इन बैंकों के साथ किया करार
जिन बैंकों के साथ एनपीसीआई ने करार किया है उनमें भारतीय स्टेट बैंक, इलाहाबाद बैंक, आंध्रा बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन ओवरसीज बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शामिल है। हालांकि देश के 25 बैंक इस कार्ड को जारी कर सकेंगे।
इस कार्ड को लेने के लिए आपको अपने बैंक से संपर्क करना होगा। यह एक कांटेक्ट लैस कार्ड है, जैसा कि आपको मेट्रो में मिलता है।
पेटीएम भी करेगा जारी
पेटीएम पेमेंट बैंक भी इस कार्ड को अपने ग्राहकों के लिए जारी करेगा। लोगों को इस कार्ड के बाद अन्य किसी तरह का कार्ड रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस कार्ड की मदद से लोग पार्किंग और टोल प्लाजा पर भी भुगतान कर सकेंगे। एटीएम पर लोगों को इस कार्ड के जरिए पांच फीसदी और विदेश में भुगतान के लिए इस्तेमाल करने पर 10 फीसदी कैशबैक मिलेगा।