पीयूष गोयल ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते से भारत और यूरोपीय संघ के बीच रिश्ते बेहतर होंगे। एफटीए में व्यापार अवरोधक हटाने, बाजार तक पहुंच बेहतर करने और दोनों तरफ व्यापार में नए अवसर बनाने की कोशिश है।
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने उम्मीद जताई है कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच होने जा रहा मुक्त व्यापार समझौता (FTA) तय समय से पहले हो सकता है। इस साल के अंत तक भारत और यूरोप के बीच मुक्त व्यापार समझौता होने की समयसीमा तय की गई है। गोयल ने बताया कि बातचीत की प्रक्रिया तय समय से पहले चल रही है और जल्द ही उन्हें समझौते की उम्मीद है।
विज्ञापन
भारत-यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते की प्रक्रिया तेजी से जारी
पीयूष गोयल ने ये भी कहा कि भारत और यूरोपीय संघ की अर्थव्यवस्थाओं के बीच मतभेद कम हैं, जिसकी वजह से मुक्त व्यापार समझौते की प्रक्रिया में तेजी से प्रगति हो रही है। गोयल ने कहा कि 'हमारे बीच मतभेद कम हैं। हमारी अर्थव्यवस्थाएं एक दूसरे का समर्थन करती हैं। अधिकतर मामलों में भारत के हित, यूरोपीय अर्थव्यवस्था को प्रभावित नहीं करते और उसी तरह यूरोप के सामान से हमारी अर्थव्यवस्था के विकास में मदद ही मिलेगी।'
'कुछ संवेदनशील मुद्दों पर सावधानी से हो रही बात'
हालांकि उन्होंने ये भी माना कि कुछ संवेदनशील मुद्दे हैं, जिन पर पूरी सावधानी और संतुलन के साथ दोनों पक्षों में बातचीत जारी है। गोयल ने कहा कि 'बेशक किसी भी व्यापारिक रिश्ते में, कुछ संवेदनशील मुद्दे होते हैं दोनों तरफ से और उन्हें हमें एक दूसरे के हित ध्यान में रखते हुए सुलझाना होगा।' गोयल ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते में बाजार को ज्यादा उदार बनाने और दोनों देशों के फायदे पर फोकस किया जा रहा है। इससे प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और उत्पादकता बेहतर होने के साथ ही सभी प्रक्रियाएं बेहतर होंगी।
फ्रांस में शीर्ष कंपनियों के सीईओ से मिले गोयल
गोयल ने सोमवार को फ्रांस की शीर्ष कंपनियों के सीईओ से मुलाकात की। इस दौरान भारत के इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) और अक्षय ऊर्जा जैसे उभरते हुए क्षेत्रों में निवेश को लेकर बातचीत की। केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा, रेनॉल्ट ग्रुप के सीईओ लुका डी मेओ के साथ बैठक की। इस दौरान ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में भारत की बढ़ती क्षमता और ईवी सेक्टर में उभरते अवसरों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। गोयल ने डीएफ एनर्जी के अध्यक्ष और सीईओ बर्नार्ड फोंटाना और लॉरियल ग्रुप के सीईओ निकोलस हिरोनिमस से भी मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया पर दी। गोयल मंगलवार को विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) की मंत्रिस्तरीय बैठक में भी भाग लेंगे।