आज से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा हो गया है। कहने को तो बजट में इनके दाम में दो रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया था, लेकिन असल में लोगों को आज (शनिवार) से चार रुपये प्रति लीटर अतिरिक्त देना होगा। इससे इन राज्यों में महंगाई और बढ़ सकती है।
वहीं केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी का कहना है कि लोगों को सेस व एक्साइज ड्यूटी में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी से ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। बल्कि इससे राज्यों के पास पैसा बढ़ेगा और सड़क बनाने के काम में तेजी देखने को मिलेगी।
सबसे ज्यादा कांग्रेस शासित राज्य राजस्थान और मध्य प्रदेश में इनकी कीमतों में इजाफा देखने को मिला है। इन दोनों राज्यों में पेट्रोल पर चार रुपये प्रति लीटर से ज्यादा की बढ़ोतरी देखने को मिली है। राजस्थान में पेट्रोल 75.89 रुपये और मध्य प्रदेश में 78.16 रुपये का हो गया है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि पेट्रोल-डीजल पर चार फीसदी टैक्स पहले भी लगता था। इसको पिछली भाजपा सरकार ने चुनाव जीतने के लिए हटा दिया, लेकिन हमने फिर से इसको लगाकर के भाजपा की गलती को सुधारा है। हमारा फैसला सही है।
राज्य सरकार ने देर रात पेट्राेल- डीजल की कीमताें में वैट चार फीसदी तक बढ़ा दिया है। पेट्राेल पर अब वैट 26 फीसदी से बढ़कर 30 फीसदी और डीजल पर 18 फीसदी से बढ़कर 22 फीसदी हाे गया है। इससे पेट्राेल की कीमत 2.10 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 2.12 रुपये प्रति लीटर बढ़ गई है। केंद्र सरकार की और से पेट्राेल पर 2.41 रुपये और डीजल पर 2.37 पैसे बढ़ाए गए हैं। इन्हें मिलाकर पेट्राेल करीब 4.51 रुपये और डीजल 4.49 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हाे जाएगा।
मध्य प्रदेश सरकार ने भी पेट्रोल और डीजल पर दो रुपये प्रति लीटर अतिरिक्त ड्यूटी लगा दी है। वाणिज्यिक कर विभाग ने देर रात स्पष्ट किया कि केंद्र और राज्य की ड्यूटी में वृद्धि के बाद प्रदेश में पेट्रोल के दाम में प्रति लीटर 4.56 रुपये और डीजल में 4.36 रुपये का इजाफा होगा। हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि शहरों के हिसाब से रेट अलग-अलग होंगे।
राज्य सरकार का कहना है कि भारत सरकार ने केंद्रीय करों में मप्र का हिस्सा करीब 2677 करोड़ रुपये कम कर दिया है, इसी वजह से यह कदम उठाना पड़ा। राज्य सरकार को अतिरिक्त ड्यूटी लगाने से सालाना पेट्रोल-डीजल पर करीब 1400 से 1500 करोड़ रुपये अतिरिक्त राजस्व मिलेगा।
इसी तरह डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है। राजस्थान में डीजल 4.59 रुपये बढ़कर 71.35 रुपये प्रति लीटर और मध्य प्रदेश में 4.43 रुपये बढ़कर 70.09 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
नई दिल्ली ₹ 72.96 ₹ 70.51