रेटिंग व सोशल मीडिया पर ब्रांड की उपस्थिति के आधार पर खरीदारी करते हैं भारतीय
अधिकतर लोग ऑनलाइन विक्रेता की रेटिंग और प्रामाणिकता के लिए कंपनी की सोशल मीडिया उपस्थिति को देखकर ही खरीदारी करते हैं। त्योहारों से ठीक पहले किए गए एक सर्वे में यह खुलासा हुआ है। बृहस्पतिवार को जारी नॉर्टन साइबर सेफ्टी इनसाइट्स रिपोर्ट के मुताबिक, सर्वे में शामिल करीब 96 फीसदी उपभोक्ता त्योहारी सीजन के दौरान ऑनलाइन खरीदारी के लिए तैयार हैं। कम-से-कम 88 फीसदी वयस्क ऑनलाइन विक्रेता की रेटिंग देखते हैं। 82 फीसदी लोग प्रामाणिकता के लिए सोशल मीडिया पर कंपनी की उपस्थिति का आकलन करते हैं। सर्वे में शामिल 73 फीसदी लोगों ने कहा, वे ऑनलाइन घोटालों से बचने के लिए पेपाल जैसे थर्ड पार्टी प्रदाताओं के जरिये भुगतान करना पसंद करते हैं। नॉर्टन इंडिया के निदेशक रितेश चोपड़ा ने कहा, अधिकतर उपभोक्ता त्योहारी सीजन में ऑनलाइन खरीदारी करने की योजना बना रहे हैं। यह जरूरी है कि हम सतर्क रहें और सुरक्षा को प्राथमिकता दें। डिजिटल परिदृश्य शानदार सौदे और सुविधा प्रदान करता है, लेकिन संभावित जोखिम भी पेश करता है।
टेक्सटाइल्स के लिए पीएलआई आवेदन एक महीने और बढ़ा
केंद्र सरकार ने टेक्सटाइल्स उद्योग के लिए उत्पादन से जुड़े प्रोत्साहन (पीएलआई) आवेदन की तारीख एक महीने के लिए यानी दिसंबर तक बढ़ा दी है। कपड़ा मंत्रालय ने बताया, पहले 31 अगस्त तक पीएलआई पोर्टल को आवेदन के लिए खोला गया था। उद्योग की ओर से मिली सलाह के बाद इसे एक महीने के लिए बढ़ाया गया है। सूत्रों ने बताया बहुत अच्छा रिस्पांस न मिलने से इसे एक माह के लिए बढ़ाया गया है।
2028 तक दोगुना से ज्यादा बढ़कर 7.5 अरब डॉलर का हो जाएगा डिजिटल गेमिंग उद्योग
एप से बढ़ रही खरीदारी, विज्ञापन राजस्व और ग्राहकों की बढ़ रही संख्या के कारण भारतीय डिजिटल गेमिंग उद्योग वित्त वर्ष 2028 तक दोगुना से ज्यादा बढ़कर 7.5 अरब डॉलर तक जा सकता है। लुमिकाई रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2023 में यह 3.1 अरब डॉलर का था। रिपोर्ट के अनुसार, रियल मनी गेमिंग राजस्व वित्त वर्ष 2023 में 50 करोड़ डॉलर बढ़ा है, लेकिन आने वाले वर्षों में टैक्सेशन नीतियों और उद्योग के समेकन से इसे चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। भारत में 56.8 करोड़ गेमर्स हैं। इनमें से 25% भुगतान करने वाले हैं। रिपोर्ट का दावा है कि गेमर्स की संख्या सालाना 12 फीसदी दर से बढ़ी है। खेलने वालों की संख्या 17% बढ़ी है। 15.4 अरब गेम डाउनलोड किए गए हैं। भारत के इंटरनेट ग्राहकों में से 50% गेमिंग की आबादी है। 59 फीसदी गेमर्स पुरुष हैं जबकि 41 फीसदी महिलाएं हैं। 66 फीसदी छोटे शहरों के हैं। रिपोर्ट ने कहा, इस रुझान से पता चलता है कि आने वाले समय में छोटे शहरों से गेमर्स की संख्या में तेज बढ़ोतरी होगी।
अदाणी पावर का मुनाफा नौ गुना बढ़ा
अदाणी पावर का मुनाफा सितंबर तिमाही में 9 गुना बढ़कर 6,594 करोड़ रुपये रहा है। कुल राजस्व 61% बढ़कर 12,155 करोड़ पहुंच गया। उधर, अदाणी एंटरप्राइजेज को 222.82 करोड़ लाभ हुआ है। यह एक साल पहले के 460 करोड़ की तुलना में 50.5 फीसदी कम है।
रिलायंस और एसबीआई कार्ड का हुआ करार
एसबीआई कार्ड ने रिलायंस रिटेल के साथ रिलायंस एसबीआई कार्ड लॉन्च किया है। यह दो तरह का कार्ड है जिसमें रिलायंस एसबीआई कार्ड और प्राइम शामिल हैं। को-ब्रांडेड कार्ड से रिलायंस रिटेल स्टोर में भुगतान पर विशेष लाभ मिलेंगे।
टाटा मोटर्स घाटे से उबरी 3,783 करोड़ का लाभ
टाटा मोटर्स को सितंबर तिमाही में 3,783 करोड़ का लाभ हुआ है। एक साल पहले इसी अवधि में 1,004 करोड़ का शुद्ध घाटा हुआ था। परिचालन से राजस्व 1.05 लाख करोड़ पहुंच गया। घरेलू व्यावसायिक वाहनों में कंपनी की हिस्सेदारी बढ़कर 39.7% हो गई।