पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने खाद्य नियामक एफएसएसएआई के निर्देश के बाद बाजार से 4 टन लाल मिर्च पाउडर वापस मंगाया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा व मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से पतंजलि फूड्स को खाद्य सुरक्षा मानदंडों के अनुरूप न होने के कारण पैक किए गए लाल मिर्च पाउडर के एक विशेष बैच को वापस लेने को कहने के बाद कंपनी ने यह कदम उठाया। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजीव अस्थाना ने एक बयान में कहा, "पतंजलि फूड्स ने 4 टन लाल मिर्च पाउडर (200 ग्राम पैक) के छोटे बैच को वापस मंगाया है।"
उन्होंने कहा, "उत्पाद के नमूनों की जांच करने पर पाया गया कि उनमें कीटनाशक अवशेषों की अधिकतम स्वीकार्य सीमा नहीं है। एफएसएसएआई ने लाल मिर्च पाउडर सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के लिए कीटनाशक अवशेषों की अधिकतम अवशेष सीमा (एमआरएल) निर्धारित की है।"
अस्थाना ने कहा कि बताए गए नियामक मानदंडों के अनुरूप कंपनी ने अपने वितरण चैनल साझेदारों को सूचित करने के लिए तत्काल कदम उठाए हैं। उत्पाद खरीदने वाले उपभोक्ताओं तक यह सूचना पहुंचाने के लिए कंपनी ने विज्ञापन भी जारी किए हैं। कंपनी ने ग्राहकों से अपील की है कि वे उत्पाद को, जहां से उसे खरीदा है, वहां जाकर लौटाएं और पूरा पैसा वापस ले लें। अस्थाना ने कहा, "वापस लिए गए उत्पाद का मूल्य और मात्रा बहुत कम है।"
उन्होंने कहा कि कंपनी अपने कृषि उत्पाद आपूर्तिकर्ताओं का मूल्यांकन कर रही है और कृषि उत्पादों की खरीद के लिए कठोर गुणवत्ता नियंत्रण प्रक्रियाएं अपनाने व एफएसएसएआई नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रही है। अस्थाना ने कहा, "कंपनी अपने सभी उत्पादों में उच्चतम गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने और आपूर्ति शृंखला से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।"
पतंजलि फूड्स ने गुरुवार को कहा, "खाद्य सुरक्षा नियामक ने पतंजलि फूड्स को निर्देश दिया है कि वह खाद्य सुरक्षा और मानक (संदूषक, विषाक्त पदार्थ और अवशेष) विनियम, 2011 का अनुपालन न करने के कारण, बैच संख्या - AJD2400012 के समूचे खाद्य पदार्थ (अर्थात लाल मिर्च पाउडर पैक) को वापस बुलाए।"
वर्ष 1986 में स्थापित बाबा रामदेव के नेतृत्व वाली पतंजलि आयुर्वेद समूह की कंपनी पतंजलि फूड्स (पूर्व में रुचि सोया) भारत की शीर्ष एफएमसीजी कंपनियों में से एक है। कंपनी खाद्य तेल, खाद्य और एफएमसीजी और पवन ऊर्जा उत्पादन क्षेत्रों में कारोबार करती है। पतंजलि, रुचि गोल्ड, न्यूट्रेला आदि जैसे विभिन्न ब्रांडों के तहत उत्पाद बेचती है।
सितंबर तिमाही में पतंजलि फूड्स का एकल शुद्ध लाभ 21 प्रतिशत बढ़ा है और यह 308.97 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले समान तिमाही में शुद्ध लाभ 254.53 करोड़ रुपये था। इस वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 8,198.52 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 7,845.79 करोड़ रुपये थी।