वेस्टसाइड और जूडियो जैसे लोकप्रिय रिटेल ब्रांड चलाने वाली ट्रेंड लिमिट में नेतृत्व बदलने जा रहा है। टाटा समूह के दिग्गज नोएल टाटा 11 नवंबर को कंपनी के चेयरमैन और निदेशक पद से रिटायर हो जाएंगे। करीब 29 साल तक कंपनी से जुड़े रहे नोएल टाटा की जगह बहराम वकील 12 नवंबर से चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे। हालांकि, कंपनी में उनके योगदान को देखते हुए नोएल चेयरमैन एमेरिटस बनाया जाएगा। यह बदलाव ऐसे समय में हो रहा है, जब ट्रेंट का मुनाफा और कारोबार दोनों बढ़ रहे हैं।
ट्रेंट लिमिटेड ने शेयर बाजार को दी गई नियामकीय जानकारी में बताया कि नोएल एन टाटा 11 नवंबर को चेयरमैन और निदेशक पद से रिटायर होंगे। इसके अगले दिन यानी 12 नवंबर से बहराम वकील कंपनी के नए चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे। नोएल वर्ष 1997 से ट्रेंट से जुड़े हुए हैं। लगभग तीन दशक के इस सफर में उन्होंने कंपनी को आगे बढ़ाने और बाजार में उसकी स्थिति मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है।
बहराम वकील अब ट्रेंट के बोर्ड की अगुवाई करेंगे। उनकी नियुक्ति टाटा समूह के गवर्नेंस दिशानिर्देशों के तहत होने वाले नेतृत्व परिवर्तन का हिस्सा है। ट्रेंट के मुताबिक, नेतृत्व में बदलाव कंपनी के बोर्ड के गठन, समितियों और निदेशकों की सेवानिवृत्ति से जुड़े टाटा ग्रुप गवर्नेंस गाइडलाइन के अनुरूप है। इस बदलाव के बाद कंपनी के बोर्ड नेतृत्व की जिम्मेदारी वकील के पास होगी। ट्रेंट के लिए यह बदलाव इसलिए भी अहम है, क्योंकि कंपनी फैशन और लाइफस्टाइल रिटेल के साथ-साथ खाद्य एवं किराना कारोबार में भी विस्तार कर रही है।
चेयरमैन बदलने के अलावा कंपनी के बोर्ड में दो अन्य नियुक्तियों को भी मंजूरी दी गई है।
इन नियुक्तियों के जरिए कंपनी के बोर्ड में बदलाव किया जा रहा है। इसका उद्देश्य निर्धारित कॉरपोरेट गवर्नेंस नियमों के अनुरूप बोर्ड की संरचना बनाए रखना है।
ट्रेंट टाटा समूह की रिटेल कंपनी है। इसके कारोबार में फैशन, लाइफस्टाइल, खाद्य और किराना जैसे क्षेत्र शामिल हैं। कंपनी के प्रमुख ब्रांडों में वेस्टसाइड और जूडियो शामिल हैं। वेस्टसाइड फैशन और लाइफस्टाइल उत्पादों की बिक्री करता है, जबकि जूडियो किफायती फैशन के लिए जाना जाता है। इसके अलावा कंपनी स्टार ब्रांड के तहत खाद्य व किराना कारोबार का भी संचालन होता है।
ट्रेंट अपने रिटेल नेटवर्क का विस्तार कर रही है। ऐसे में कंपनी के लिए नए बाजारों तक पहुंच बनाना, ग्राहकों की मांग के अनुसार उत्पाद उपलब्ध कराना और कारोबार की वृद्धि बनाए रखना महत्वपूर्ण है।
ट्रेंट के वित्तीय नतीजे बताते हैं कि सितंबर तिमाही में कंपनी ने मुनाफे और राजस्व, दोनों में वृद्धि दर्ज की। कंपनी के अनुसार, सितंबर तिमाही में उसका समेकित शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 25 फीसदी बढ़कर 468 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में यह उल्लेखनीय वृद्धि है। वहीं, कंपनी का समेकित राजस्व 22 फीसदी बढ़कर 5,873 करोड़ रुपये पहुंच गया।